आगरा: ताजनगरी में बड़े सपने देखने और उन्हें खुद पूरा करने की जिद में घर छोड़कर अचानक लापता हुए तीन बच्चों को आगरा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे अपने पीछे एक ऐसा भावुक पत्र छोड़ गए थे, जिसमें माता-पिता से माफी मांगते हुए कुछ बड़ा बनकर लौटने की बात लिखी थी। बच्चों के इस तरह अचानक गायब होने से परिवारों में कोहराम मच गया था, लेकिन पुलिस की त्वरित और मुस्तैद कार्रवाई से सभी ने राहत की सांस ली है।
पत्र में लिखी थी बड़े आदमी बनने की बात
मामला थाना लोहामंडी क्षेत्र का है। 17 अक्टूबर को तीन बच्चों के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल कई टीमों का गठन किया। बच्चों द्वारा छोड़े गए एक पत्र ने परिजनों की चिंता को और बढ़ा दिया था। उस पत्र में लिखा था कि बच्चा कुछ समय के लिए घर छोड़कर जा रहा है और एक बड़ा आदमी बनने के बाद ही वापस लौटेगा। साथ ही पढ़ाई में मन न लगने की बात भी जिक्र थी। पत्र के अंत में लिखा था, “I Love You Papa Ji और Mummy Ji।”
बच्चों के पिता के अनुसार, वे सोशल मीडिया खासकर इंस्टाग्राम पर ऐसी रील्स और वीडियो देखते थे, जिनमें घर से बाहर जाकर कुछ बड़ा करने और सफलता हासिल करने के बाद लौटने की बातें होती थीं। संभवतः इसी से प्रेरित होकर उन्होंने यह कदम उठाया था।
जयपुर तक का सफर, फिर आगरा वापसी और सकुशल बरामदगी
पुलिस जांच में सामने आया कि ये तीनों बच्चे 17 अक्टूबर को ईदगाह बस स्टैंड से बस पकड़कर जयपुर के लिए निकल गए थे। हालांकि, अगले ही दिन उन्हें अपने परिवार और घर की याद सताने लगी, जिसके बाद वे वापस आगरा लौट आए। आगरा पहुँचने पर वे राजामंडी रेलवे स्टेशन के पास पहुँचे, जहाँ स्थानीय पुलिस और सर्विलांस टीम ने उन्हें चामुंडा देवी मंदिर के पास से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और बच्चों की सोशल मीडिया प्रोफाइल की मदद से इस पूरे घटनाक्रम को ट्रैक किया। अधिकारियों का कहना है कि आज के समय में कम वक्त में लंबी दूरी तय करना आसान है, इसलिए बच्चों को तलाशना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे पुलिस टीम ने सूझबूझ से पूरा किया।
CWC के सामने होंगे पेश, अभिभावकों के लिए सबक
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद किए गए तीन बच्चों में से दो नाबालिग हैं। नियमानुसार बच्चों को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया जाएगा, जिसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने आगरा पुलिस और थाना लोहामंडी की पूरी टीम का तहेदिल से आभार जताया है। यह घटना एक बार फिर अभिभावकों को यह सोचने पर मजबूर करती है कि वे बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें, उनकी मानसिक स्थिति को समझें और सोशल मीडिया पर वे क्या देख रहे हैं, इस पर पैनी नजर रखें।
