आगरा में कई प्रमुख चौराहों के बदले जाएंगे नाम, नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में प्रस्ताव हुआ पास

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा में इन जगहों के बदले जाएंगे नाम। छीपीटोला चौराहा, धूलियागंज चौराहा, यमुनापार में रॉयल पब्लिक चौराहा समेत कई के नाम बदलने का प्रस्ताव नगर निगम की कार्यकारिणी में पास।

बुधवार को नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में महापौर नवीन जैन की अध्यक्षता में 21वीं कार्यकारिणी की बैठक सम्पन्न हुई। इसमें कई चौराहों के नाम बदलने का प्रस्ताव पास किया गया।

पार्षद अमित ग्वाला ने छीपीटोला चौराहा से बालूगंज को जाने वाले मार्ग का नाम आगरा के पूर्व महापौर स्व. रमेश कांत लवानिया के नाम से रखे जाने का प्रस्ताव रखा।

इसके अलावा धूलियागंज चौराहा का नाम विनायक वीर सावरकर के नाम से रखे जाने का प्रस्ताव रखा। सर्वसम्मति से यह दोनों प्रस्ताव स्वीकृत किए गए ।

पार्षद प्रदीप अग्रवाल द्वारा नगर निगम द्वारा श्री मुकुट महोत्सव शोभायात्रा हेतु दी जाने वाली सहयोग अनुदानित राशि 75 हज़ार से बढाकर 1 लाख रुपये रखने का प्रस्ताव रखा गया। जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृत कर लिया गया।

पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने ट्रासयमुना काॅलोनी फेस-2 में जी-ब्लॉक गुप्ता पैलेस से लेकर एफ- 185 फेस-2 ट्रान्स यमुना काॅलोनी की सड़क का नाम व उनके निवास के सामने पार्क का नाम लोकतन्त्र सेनानी समाज सेवी श्री राम मूर्ति गुप्ता के नाम से रखे जाने का प्रस्ताव रखा। इसे भी स्वीकृत किया गया।

पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने यमुनापार में रॉयल पब्लिक चौराहा का नाम ‘पहल’ जल एवं पर्यावरण संरक्षण समिति की सक्रिय सदस्य रही स्व. कमलेश गुप्ता के नाम से रखे जाने का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया।

पार्षद रवि शर्मा द्वारा वार्ड 87 में यमुना विहार के पास स्थित (मनोहरपुर में) चौराहे का नाम निषादों के राजा ‘‘निषाद राज गुह’’ के नाम पर किये जाने का प्रस्ताव रखा। जिसे स्वीकार किया गया।

इसके अलावा गाँधी नगर, सूर्या टाॅकीज (पूर्व में) के सामने स्थित पार्क का नाम स्व. श्री योगेन्द्र सिंह चौहान जी के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव रखा। इसे भी स्वीकार किया गया।

पार्षद सुषमा जैन ने छीपीटोला चौराहा (भगवान महावीर चौक) से छीपीटोला तिकोना तक जाने वाले मार्ग का नाम आगरा छीपीटोला ट्रेडर्स एसोसिएशन एवं आगरा दिगंबर जैन परिषद में महामंत्री रहे स्व. राजकुमार जैन ‘‘राजू’’ के नाम से रखे जाने का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।

इसके अलावा शास्त्रीपुरम स्थित जोनल पार्क में आने वाले चौराहा का नाम जोनल पार्क चौराहा के नाम से किए जाने का भी प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।

पार्षद मुकुल गर्ग ने पश्चिम पुरी चौराहा का नाम बारह सैनी समाज के इष्टदेव अक्रूर जी महाराज चौक के नाम रखे जाने का प्रस्ताव रखा जिसे स्वीकार किया गया।

पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने पुराना मंडी चौराहा का नाम वीर पुरुष दुर्गादास राठौर जी के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव रखा जिसे भी सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।

-up18news