लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार पर जमकर तीखा हमला बोला है। शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने सरकार को हर मोर्चे पर घेरते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अजय सेठ वाला वीडियो शेयर करने पर एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। अब आगे चलकर ऐसे हालात पैदा किए जाएंगे कि जो भी व्यक्ति इस वीडियो को देखेगा, सरकार उस पर भी मुकदमा दर्ज करा देगी। भाजपा के लोग कुछ भी करने पर आमादा हैं।
रायबरेली विवाद और पीडीए की उपेक्षा का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने रायबरेली में समाजवादी छात्र सभा के कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद को लेकर भी भाजपा सरकार पर करारा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रायबरेली में शांतिपूर्ण ढंग से छात्रसभा का कार्यक्रम चल रहा था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के लोगों और वहां के प्रशासन ने मिलकर इसे चलने नहीं दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अपमान किया क्योंकि वे केवल ‘स्वजातीय’ लोगों को बढ़ावा देना चाहते हैं। यही आज की भाजपा सरकार की असली कानून-व्यवस्था है। यदि आपको समाज में सम्मान नहीं मिल रहा है, तो इसका सीधा कारण यह है कि आप ‘पीडीए’ (PDA) परिवार से ताल्लुक रखते हैं। पार्टी के कार्यकर्ताओं और छात्रों को अपने हक के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा है।
सांसद पप्पू निषाद के अपमान पर बोले अखिलेश
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि उनके सांसद पप्पू निषाद जी को भी सरेआम अपमानित होना पड़ा है और वे बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाकर वहां से निकल पाए हैं। यही भाजपा राज की कानून व्यवस्था का सच है। यदि आप किसी खास जाति के नहीं बल्कि ‘PDA’ (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग से आते हैं, तो आपको हर कदम पर अपमानित किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की पूरी प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और भाजपा शासनकाल में भ्रष्टाचार की सभी हदें पार हो चुकी हैं। इसलिए इस भ्रष्ट भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करना ही एकमात्र विकल्प बचा है। समाजवादी पार्टी ‘PDA’ को पूरी तरह एकजुट करके उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार का सफाया करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
किसानों के उत्थान का वादा
सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों की हरसंभव मदद के लिए मंडियों की व्यवस्था को सुधारा जाएगा। किसानों के कल्याण के लिए विशेष योजनाएं बनाई जाएंगी ताकि उन्हें ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि आज देश और देश के अन्नदाता किसान के सामने यदि कोई सबसे बड़ा संकट है, तो वह केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी है।
