लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर योगी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट साझा करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और आम जनता को लूटने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता से बाहर जाने के डर से भाजपा सरकार अब हर संभव तरीके से पैसा बटोरने में लगी है।
AI के नाम पर वसूली का नया खेल
अखिलेश यादव ने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए लिखा कि भाजपा सरकार ने अब AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के नाम पर जनता को लूटने का नया तरीका ईजाद कर लिया है। उन्होंने कटाक्ष किया कि भाजपाइयों के लिए AI का वास्तविक अर्थ तकनीक नहीं, बल्कि ‘आमदनी Income’ है। सपा प्रमुख के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस के जरिए सरेआम उगाही की जा रही है और अब इसमें तकनीक को भी ढाल बनाया जा रहा है।
जाम की समस्या और सरकार की नीयत
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में सड़क जाम के पीछे के बुनियादी कारणों को गिनाया। उन्होंने कहा कि जाम लगने के मुख्य कारण सड़क की खराब दशा, सड़कों की कम चौड़ाई और बुनियादी ढांचे की कमी है, लेकिन सरकार का ध्यान इन समस्याओं को सुधारने पर नहीं बल्कि चालान काटने पर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ”पैसे कमाने के लालच में डूबी भाजपा सरकार कभी नहीं चाहती कि जनता ट्रैफिक नियमों का पालन करे। यही वजह है कि ट्रैफिक पुलिस चौराहों पर ट्रैफिक सुचारू करने के बजाय, किसी मोड़ या आड़ में छिपकर खड़ी रहती है।”
डिजिटल उगाही और ‘ऊपरवालों’ का टारगेट
सपा अध्यक्ष ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अब उगाही का तरीका भी डिजिटल हो गया है। पुलिसकर्मी चालान का डर दिखाकर अवैध वसूली की रकम सीधे डिजिटल पेमेंट के जरिए ‘किसी और के खाते’ में ले रहे हैं, ताकि पकड़े जाने का जोखिम न रहे। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी केवल ‘ऊपरवालों’ द्वारा दिए गए वसूली के टारगेट को पूरा करने में जुटे हैं।
CCTV कैमरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इनकी रिकॉर्डिंग केवल तभी सामने आती है जब सरकार को किसी को फंसाना होता है, अन्यथा ‘तकनीकी खराबी’ का बहाना बनाकर सबूतों को रफा-दफा कर दिया जाता है।
’भाजपाई लाइसेंस’ होगा रद्द
अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव ने जनता के मूड का हवाला देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपाई भ्रष्टाचार से पूरी तरह ऊब चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता ‘भाजपाई लाइसेंस’ को हमेशा के लिए रद्द कर देगी। उन्होंने एक स्लोगन के अंदाज में लिखा “भाजपा जाए तो गाड़ी आगे बढ़ पाये।”

