उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा पर उपचुनाव में जीत को देखते हुए शिवपाल सिंह यादव की घर वापसी हो गई है। शिवपाल अब समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने अपनी प्रगतिशील समाज पार्टी का समाजवादी पार्टी में विलय कर दिया है। अखिलेश यादव ने खुद ही शिवपाल की गाड़ी का झंडा बदलवाया।
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिंपल यादव ने 2 लाख से अधिक वोट की बढ़त बना ली है। इसे लेकर समाजवादी पार्टी में जश्न का माहौल है। अखिलेश यादव भी सुबह लखनऊ से चलकर मैनपुरी में पहुंच गए। अखिलेश ने खुद आदित्य यादव से कहकर शिवपाल की गाड़ी पर लगा प्रसपा का झंडा निकालकर सपा का झंडा लगा दिया।
इस बीच प्रसपा मुखिया शिवपाल यादव ने इसे नेताजी के आदर्शों की जीत बताया है। शिवपाल ने कहा कि मैनपुरी में अब भी नेताजी का जलवा कायम है। नेताजी और समाजवादियों ने यहां पर जो विकास किया है, यह नतीजा उसका ही परिणाम है। निश्चित ही सपा आगे के चुनाव में भी सफलता प्राप्त करेगी।
उन्होंने कहा कि मैनपुरी चुनाव के प्रचार के दौरान योगी सरकार के जो भी मंत्री यहां आते थे, सीधा अधिकारियों से वोट मांगते थे। उसको बंद कर दो। उस पर मुकदमा कर दो। तब भी जनता नेताजी के आदर्शों और विकास पर जनता ने जीत दिला दी। आगे भी सपा के साथ जुड़े रहने के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि हम दोनों (शिवपाल-अखिलेश) इसी तरह से मिलकर आगे भी काम करेंगे।
Compiled: up18 News
