आगरा: देर रात घनी बस्ती में कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग, आधा दर्जन दमकल गाड़ियों ने बमुश्किल पाया काबू

Crime

आगरा। हरीपर्वत थाना क्षेत्र की खटीक पाड़ा घटिया आजम खां पर मंगलवार देर रात उस समय कोहराम मच गया जब एक कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। भीषण आग को देखकर लोग दहशत में आ गए। चीखते चिल्लाते हुए लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए वहां से दौड़ लगाना शुरू कर दिया। घटना की सूचना तुरंत क्षेत्रीय पुलिस और फायर विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मचारियों ने बमुश्किल इस आग पर काबू पाया।

पूरा मामला हरी पर्वत थाना क्षेत्र के खटीक पाड़ा आजम खां का है। यहां पर भाजपा नेता शिवकुमार राजोरा का ढाबा है। इसी ढाबे के पीछे बहुत बड़ा कबाड़ का गोदाम है। जब रात को बाजार बंद हुआ तो अचानक से इस कबाड़ के गोदाम से धुआं उठने लगा। कबाड़ के गोदाम के आसपास रहने वाले लोगों ने जब अपनी छत से देखा तो गोदाम में आग की लपटें उठ रही थी। लोगों ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए क्षेत्रीय पुलिस को सूचना दी और अग्निशमन विभाग को भी इससे अवगत करा दिया। इसके बाद पुलिस और दमकल की लगभग 6 गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मचारियों ने बमुश्किल घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के मुताबिक घनी आबादी में कबाड़ का गोदाम कई दशकों से चल रहा है। बताया जाता है कि 2018 में इसी कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लगी थी। उस वक्त गोदाम मालिक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की गई लेकिन पुलिस की मिलीभगत से गोदाम मालिक का काम बदस्तूर जारी है। आज हुई घटना ने उस समय की घटना को ताजा कर दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में उचित कार्रवाई करने की बात कह रही है।