गुजरात: अहमदाबाद में ट्रक-थार की टक्कर के बाद जमा हुई भीड़ को तेज रफ्तार जगुआर ने रौंदा, 9 की मौत, 15 लोग घायल

Regional

गुजरात के अहमदाबाद में इस्कॉन ब्रिज पर बुधवार की देर रात एक जगुआर कार ने करीब 25 लोगों को रौंद दिया। दो पुलिसकर्मियों समेत नौ लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। 15 जख्मी हो गए। मरने वालों में एक पुलिस कॉन्स्टेबल और एक होमगॉर्ड जवान भी शामिल है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोग 30 फीट दूर तक जा गिरे।

अहमदाबाद पुलिस के मुताबिक, ओवरब्रिज पर एक महिंद्रा थार कार एक डंपर से पीछे से टकरा गई। इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा थी। तभी राजपथ क्लब की ओर से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही जगुआर ने भीड़ को कुचल दिया। मृतकों में बोटाद और सुरेंद्रनगर के युवक शामिल हैं।इस हादसे में जगुआर का ड्राइवर भी जख्मी हो गया। उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अहमदाबाद पुलिस ने बताया कि जगुआर में दो लड़के और लड़की सवार थे। इनके बारे में ज्यादा जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। घटनास्थल पर मौजूद गुस्साए लोगों ने इनके साथ मारपीट भी की। हालांकि, कुछ लोगों ने इन्हें बचाया और अस्पताल भेज दिया। कार में बैठी लड़की मौके से गायब हो गई।

जानकारी के मुताबिक जगुआर कार करीब 160 की फुल स्पीड से आई थी। इतनी स्पीड से आ रही कार ने सबसे पहले देखने वाले लोगों को कुचल दिया। इन लोगों को 30 फीट तक नीचे फेंक दिया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे में जगुआर कार 200 मीटर तक लोगों को कुचलती चली गई। हादसे में मौत की चीखें दूर-दूर तक सुनाई दीं। हादसे के बाद मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व दो पुलिसकर्मियों की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे। वहीं जगुआर कार ड्राइवर सहित 15 लोग घायल भी हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।