मुंबई (अनिल बेदाग): भारतीय आभूषण उद्योग की भव्यता, रचनात्मकता और शिल्प कौशल का सबसे बड़ा मंच एक बार फिर सजने को तैयार है। ऑल इंडिया जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल (GJC) द्वारा आयोजित ‘इंडिया जेम्स एंड ज्वेलरी शो’ (GJS अप्रैल 2026) अपने 9वें संस्करण के साथ वापसी कर रहा है। 4 से 7 अप्रैल तक मुंबई के प्रतिष्ठित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में चलने वाला यह B2B शो इस बार “अक्षय कला: द एटरनल आर्ट” की विशेष थीम पर आधारित है, जो भारतीय स्वर्णकारों की सदियों पुरानी विरासत को आधुनिक अंदाज में पेश करेगा।
दिग्गजों की मौजूदगी में उद्घाटन
इस चार दिवसीय भव्य मेले का औपचारिक उद्घाटन महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री श्री चंद्रशेखर बावनकुले बतौर मुख्य अतिथि करेंगे। समारोह में प्रसिद्ध सराफा व्यवसायी जवेरी काका (जवेरीलाल वी. मंडालिया) विशिष्ट अतिथि (Guest of Honor) के रूप में शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाएंगे। इस प्रदर्शनी में देश भर के 400 से अधिक प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया है और 700 से ज्यादा स्टॉल्स लगाए गए हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार 15,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुक (Visitors) इस शो का हिस्सा बनेंगे।
बाजार में लौटेगी रौनक
शादी-ब्याह के आगामी सीजन और अक्षय तृतीया के पावन पर्व से ठीक पहले आयोजित यह शो आभूषण बाजार के लिए ‘बूस्टर डोज’ साबित होगा। इस साल के प्रदर्शन में लाइटवेट गोल्ड ज्वेलरी और अत्याधुनिक डायमंड डिजाइनों की व्यापक रेंज आकर्षण का केंद्र रहेगी, जिनकी मांग युवाओं और कामकाजी महिलाओं के बीच तेजी से बढ़ रही है।
भविष्य का रोडमैप: ‘मंथन’
सिर्फ व्यापार ही नहीं, बल्कि आभूषण उद्योग के भविष्य पर चर्चा के लिए भी यह एक बड़ा मंच है। शो के दौरान “मंथन” नामक विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जहाँ उद्योग जगत के विशेषज्ञ वर्ष 2047 तक भारत को “ज्वेलर टू द वर्ल्ड” (दुनिया का आभूषण केंद्र) बनाने का लक्ष्य निर्धारित करेंगे। यहाँ न केवल नए व्यापारिक संबंध बनेंगे, बल्कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारतीय ज्वेलरी की पैठ मजबूत करने के लिए ठोस रणनीतियां भी साझा की जाएंगी।
यह आयोजन भारतीय आभूषणों की चमक को घरेलू सीमाओं से पार ले जाकर अंतरराष्ट्रीय पटल पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होने वाला है।

