आगरा में बहेगी भक्ति की गंगा, जयपुर हाउस के बुर्जीवाला मंदिर में 18 मई से भव्य श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव

विविध

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर जयपुर हाउस प्रताप नगर स्थित श्री बुर्जीवाला मंदिर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर होने जा रहा है। श्री बुर्जीवाला मंदिर संचालन समिति की ओर से 18 से 25 मई तक भव्य सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

कथा में वृंदावन धाम से पधार रहे कथावाचक आचार्य राजेश शास्त्री महाराज अपने श्रीमुख से भक्तों को श्रीमद्भागवत कथा का अमृतपान कराएंगे। शुक्रवार को कथा के आमंत्रण-पत्र का विमोचन समिति पदाधिकारियों ने श्रद्धा भाव के साथ किया गया।

मुख्य यजमान गौरव बंसल व निधि बंसल ने बताया कि कथा महोत्सव का शुभारंभ 18 मई की सुबह सात बजे जयपुर हाउस स्थित चिंताहरण मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। 551 महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर भक्ति और आस्था की अनुपम छटा बिखेरेंगी। कलश यात्रा का मार्ग में आठ स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात शाम को श्री बुर्जीवाला मंदिर में कथा का शुभारंभ होगा। प्रतिदिन शाम चार से सात बजे तक दिव्य कथा का रसपान कराया जाएगा।

समन्वयक विजय बंसल ने बताया कि आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तों के बीच विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल है। कथा में 19 मई को मंगलाचरण एवं कुंती-भीष्म स्तुति, 20 मई को सती, ध्रुव एवं प्रहलाद चरित्र, 21 मई को समुद्र मंथन, रामचरित्र और नंदोत्सव, 22 मई को श्रीकृष्ण बाल लीलाएं एवं गोवर्धन पूजन, 23 मई को कंस उद्धार, रासलीला और श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह तथा 24 मई को सुदामा चरित्र के साथ कथा विश्राम होगा। 25 मई को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।

कथा स्थल पर प्रतिदिन आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां भी सजाई जाएंगी, जिनके दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठेंगे।

इस अवसर पर रंजीत सामा, ओम स्वरूप गर्ग, जेठा भाई, राजकुमार अग्रवाल, केशव अग्रवाल, निधि अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, राजेश जिंदल, जय कुमार, गोपाल अग्रवाल, शकुन बंसल, संदीप गोयल, ज्योति मोहन जिंदल, पियूष सिंघल, अलोक जैन, सुनील मित्तल, पूजा जिंदल, दीपक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।