मुंबई (अनिल बेदाग)। बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार और भारतीय क्रिकेट के ‘गब्बर’ शिखर धवन जब एक साथ हों, तो मनोरंजन का दोगुना होना तय है। फिल्म ‘भूत बंगला’ के सेट पर कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहाँ शूटिंग के गंभीर माहौल को अक्षय कुमार ने एक मिनी स्टेडियम में तब्दील कर दिया। 14 साल बाद निर्देशक प्रियदर्शन के साथ वापसी कर रहे अक्षय इन दिनों अपनी इस हॉरर-कॉमेडी की शूटिंग में व्यस्त हैं।
सेट बना क्रिकेट का मैदान, अक्षय ने दी नकद चुनौती
फिल्म के सेट पर काम के बीच में ब्रेक के दौरान अक्षय कुमार ने बल्ला थाम लिया और उनका साथ देने पहुँचे स्टार क्रिकेटर शिखर धवन। देखते ही देखते सेट पर एक अनौपचारिक क्रिकेट मैच शुरू हो गया। माहौल में उत्साह तब और बढ़ गया जब अक्षय ने क्रू मेंबर्स के सामने एक दोस्ताना चुनौती रखी और जीतने वाली टीम के लिए नकद इनाम की घोषणा कर दी। क्रू के सदस्य भी काम छोड़कर दर्शकों की तरह खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
’राम जी आके भला करेंगे’ गाना इंटरनेट पर हिट
फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही भारी उत्साह है और हाल ही में रिलीज हुआ इसका पहला गाना “राम जी आके भला करेंगे” सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रेंड कर रहा है। यह फिल्म बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स के बैनर तले बन रही है।
10 अप्रैल को होगी रिलीज
‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे। पुरानी ब्लॉकबस्टर जोड़ी (अक्षय-प्रियदर्शन) की यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

