मुंबई: चकाचौंध भरी पार्टियां और महंगे गिफ्ट्स—अक्सर बॉलीवुड सितारों के जन्मदिन की यही पहचान होती है, लेकिन अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने अपने 31वें जन्मदिन को मानवता की सेवा के नाम कर एक नई मिसाल पेश की है।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बागेश्वर धाम में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में उर्वशी ने 251 जरूरतमंद लड़कियों के विवाह में अपना पूर्ण सहयोग दिया।
ग्लैमर की दुनिया से दूर, सौम्य अवतार में नजर आईं उर्वशी इस दौरान काफी भावुक दिखीं। उन्होंने न केवल इन दुल्हनों से मुलाकात की और उन्हें आशीर्वाद दिया, बल्कि उनके नए जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक आर्थिक और सामग्री सहायता भी प्रदान की।
अपने इस नेक कदम पर उर्वशी ने दिल जीत लेने वाली बात कही: “जन्मदिन सिर्फ खुद के जश्न के लिए नहीं होते, असली सुकून और खुशी तब मिलती है जब आप किसी दूसरे के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकें।”
सोशल मीडिया पर उनके इस कदम की चौतरफा सराहना हो रही है। प्रशंसकों का कहना है कि उर्वशी ने साबित कर दिया है कि असली ‘ग्लो’ महंगी क्रीमों में नहीं, बल्कि गरीब की दुआओं में होता है।
-अनिल बेदाग /up18news

