एकता कपूर की नई पारी: टैलेंट को तराशने के लिए लॉन्च की कंपनी ‘हुनर’, अब नए कलाकारों के सपनों को मिलेगी ‘बालाजी’ की उड़ान

Entertainment

​मुंबई (अनिल बेदाग)। भारतीय टेलीविजन और सिनेमा की ‘कंटेंट क्वीन’ एकता कपूर ने मनोरंजन जगत में नई प्रतिभाओं को सशक्त बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। उनके नेतृत्व वाली बालाजी टेलीफिल्म्स ने ‘हुनर’ (Hunar) नाम से एक टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी लॉन्च करने की घोषणा की है। यह वेंचर न केवल कलाकारों को काम दिलाएगा, बल्कि उन्हें इंडस्ट्री की बारीकियां सिखाने और उनके करियर को सही दिशा देने के लिए एक प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा।

सिर्फ काम नहीं, सही ‘गाइडेंस’ भी मिलेगा

​‘हुनर’ का मुख्य उद्देश्य टैलेंट को केवल रिप्रेजेंट करना नहीं, बल्कि उसे एक ‘ब्रांड’ के रूप में विकसित करना है। यह प्लेटफॉर्म बॉलीवुड और टीवी के स्थापित कलाकारों के साथ-साथ उभरते हुए चेहरों को भी एक साथ लाएगा। एकता कपूर, जो खुद इंडस्ट्री को दर्जनों सुपरस्टार्स देने के लिए जानी जाती हैं, अब अपनी इस विरासत को एक संगठित स्वरूप दे रही हैं।

​”कलाकारों की क्षमता को पहचानना है लक्ष्य”

इस नए वेंचर पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए एकता कपूर ने कहा ​”बालाजी में हमने हमेशा माना है कि सही प्रोत्साहन मिलने पर ही टैलेंट निखरता है। ‘हुनर’ के जरिए हम कलाकारों को ऐसा माहौल देना चाहते हैं जहाँ वे प्रयोग कर सकें, सीख सकें और अपनी पूरी क्षमता के साथ वैश्विक स्तर पर चमक सकें।”

मुंबई में सजेगी ‘हुनर’ की लॉन्च पार्टी

इस नई शुरुआत का जश्न मनाने के लिए मुंबई के प्रतिष्ठित होटल फेयरमोंट में एक ग्रैंड ‘हुनर लॉन्च पार्टी’ का आयोजन किया जाएगा। इस ग्लैमरस शाम में फिल्मी सितारों से लेकर इंडस्ट्री के बड़े दिग्गज और क्रिएटर्स शामिल होंगे। यह पार्टी इंडस्ट्री में ‘हुनर’ के आधिकारिक प्रवेश का गवाह बनेगी।

एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में आएगा बड़ा बदलाव

विशेषज्ञों का मानना है कि बालाजी टेलीफिल्म्स जैसी अनुभवी कंपनी का टैलेंट मैनेजमेंट में उतरना, नए कलाकारों के लिए सुनहरे अवसर खोलेगा। ‘हुनर’ के माध्यम से कहानी कहने की कला और परफॉर्मेंस के कल्चर को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।