गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में आयोजित पूज्य राजन महाराज की श्रीराम कथा के मंच पर पहुंचे बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन पर तीखा हमला बोला। धीरेंद्र शास्त्री ने पौराणिक संदर्भों से जोड़ते हुए कहा कि प्राचीन काल में जब ऋषि-मुनि यज्ञ करते थे तो राक्षस और दैत्य उसमें हड्डियां डालकर विघ्न डालते थे, लेकिन आधुनिक दौर में कुछ लोग सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर धार्मिक आयोजनों में बाधा पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान को सीधे तौर पर अखिलेश यादव के उस हालिया ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पोस्ट का जवाब माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने गोंडा, अंबेडकरनगर, कुंडा, झांसी, लखनऊ और आगरा में धीरेंद्र शास्त्री के आगामी कार्यक्रमों को अनुमति न देने की अपील शासन-प्रशासन से की थी।
”राक्षस हड्डियां डालते थे, अब लोग पोस्ट डालते हैं”: धीरेंद्र शास्त्री
कथा मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने चुटकी लेते हुए कहा, “पहले जब यज्ञ होते थे तो राक्षस यज्ञ में हड्डियां डालते थे, अब लोग पोस्ट डालते हैं… बस अंतर इतना ही बदला है।” यद्यपि उन्होंने अपने पूरे संबोधन में किसी राजनीतिक नेता का प्रत्यक्ष नाम नहीं लिया और कहा, “हम किसी राजनेता के लिए नहीं बोलते हैं।”
उन्होंने सनातन धर्म के विरोधियों को जवाब देते हुए कहा कि सनातन का विरोध कोई नया विषय नहीं है, यह आदिकाल से होता आ रहा है। विरोध करने वाले लोग अपना काम कर रहे हैं और संत व सनातन प्रेमी अपना काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राम और कृष्ण की इस पवित्र भूमि पर संतों के विचारों को सुनने और प्रभु भक्ति में लीन होने का अवसर मिलना हर नागरिक के लिए बड़े सौभाग्य की बात है।
गोंडा में जुटा संतों का महाकुंभ, बाबा रामदेव भी रहे मौजूद
गोंडा में इस भव्य कथा का आयोजन आलोक दास जी महाराज द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें योग गुरु बाबा रामदेव की भी मुख्य सहभागिता है। धीरेंद्र शास्त्री ने गोंडावासियों को बधाई देते हुए आगामी 4, 5 और 6 दिसंबर को होने वाले संतों के विशाल महाकुंभ का भी जिक्र किया और कहा कि ताजनगरी और आसपास के क्षेत्रों में फिर से सनातन का भव्य शंखनाद होगा।
अखिलेश यादव के पोस्ट के बाद गरमाया सियासी माहौल
उल्लेखनीय है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार से धीरेंद्र शास्त्री के नवंबर और दिसंबर माह में प्रस्तावित सार्वजनिक कार्यक्रमों, पदयात्राओं और कथा आयोजनों को कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए अनुमति न देने का अनुरोध किया था। धीरेंद्र शास्त्री के गोंडा में दिए गए इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश के धार्मिक और राजनीतिक हलकों में जुबानी जंग और तेज होने के आसार हैं।


