आगरा। स्नातक के बाद करियर की ऊंचाइयों को छूने के लिए अब केवल डिग्री काफी नहीं, बल्कि सही दिशा और उच्च कोटि के कौशल की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य के साथ आगरा कॉलेज के वाणिज्य संकाय ने बी.कॉम के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष करियर सेमिनार का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य ध्येय विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों (IIMs) तक पहुँचाने के लिए प्रेरित करना और उन्हें सफलता की सटीक रणनीति से रूबरू कराना रहा।
सेमीनार की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर सी.के. गौतम ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। उप-प्राचार्य प्रोफेसर पी.के. झा और मुख्य प्रानुशासक प्रोफेसर वी.के. सिंह ने साझा रूप से कहा कि आज के वैश्विक प्रतिस्पर्धा वाले युग में नेतृत्व क्षमता और प्रबंधन कौशल अनिवार्य हो गए हैं। उन्होंने जोर दिया कि शीर्ष प्रबंधन संस्थानों से शिक्षा प्राप्त करना विद्यार्थियों के करियर में मील का पत्थर साबित होगा।
विशेषज्ञों ने विशेष रूप से देश के अग्रणी संस्थानों जैसे IIM अहमदाबाद, बैंगलोर, कलकत्ता, लखनऊ के साथ-साथ FMS दिल्ली, XLRI जमशेदपुर और ISB हैदराबाद की प्रवेश प्रक्रियाओं और वहाँ से एमबीए करने के बाद मिलने वाले वैश्विक अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।
विषय विशेषज्ञ नमन सेठी और शुभम कुमार ने CAT, XAT और CMAT जैसी कठिन परीक्षाओं की बारीकियों को समझाया। उन्होंने बताया कि निरंतर अभ्यास और सुनियोजित लक्ष्य के जरिए इन परीक्षाओं को उत्तीर्ण करना मुमकिन है। साथ ही, उन्होंने व्यक्तित्व विकास (Personality Development) और साक्षात्कार की तैयारी के गुर भी सिखाए।
इस मार्गदर्शन सत्र ने विद्यार्थियों को यह स्पष्ट संदेश दिया कि एमबीए मात्र एक शैक्षणिक योग्यता नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य और बेहतरीन रोजगार के अवसरों का प्रवेश द्वार है।
वाणिज्य संकाय के प्रभारी डॉ. अश्वनी शर्मा और अन्य वरिष्ठ प्राध्यापकों की उपस्थिति में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अपनी करियर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान पाया। इस आयोजन ने छात्रों में एक नई ऊर्जा का संचार किया, जिससे वे स्नातक के बाद प्रबंधन की दुनिया में कदम रखने के लिए मानसिक रूप से तैयार नजर आए।

