सोनी सब पर दिखेगी दिव्य लीला: मदासुर के जाल में फंसा राजकुमार, क्या भगवान गणेश बचा पाएंगे दिव्य रत्न चिंतामणि?

Entertainment

मुंबई: सोनी सब की पौराणिक गाथा ‘गाथा शिव परिवार की- गणेश कार्तिकेय’ इन दिनों दर्शकों को भगवान गणेश की दिव्य यात्रा के माध्यम से जीवन के गहरे सबक सिखा रही है। शो के आगामी एपिसोड्स में ‘चिंतामणि’ रत्न की कहानी दिखाई जाएगी, जो इच्छा, भक्ति और नैतिक संतुलन की परीक्षा लेगी।

कहानी का रोमांचक मोड़

​आने वाले ट्रैक में दिखाया जाएगा कि ऋषि कपिल (इंद्रनील भट्टाचार्य) को मिले दिव्य रत्न ‘चिंतामणि’ पर राजकुमार गुना (अभिषेक शर्मा) की बुरी नजर पड़ जाती है। राजकुमार, मदासुर (प्रसून आर्य) के प्रभाव में आकर लालच और नशे के वश में हो जाता है और रत्न का दुरुपयोग करने लगता है। सृष्टि का संतुलन बिगड़ते देख देवराज इंद्र भगवान गणेश से मदद मांगते हैं।

भगवान गणेश की दिव्य रणनीति

​भगवान गणेश (निर्णय समाधिया) ज्ञान, वेश बदलने की कला और अपनी दिव्य लीलाओं के माध्यम से राजकुमार गुना के अहंकार को तोड़ेंगे। वे न केवल रत्न को वापस लाएंगे, बल्कि नशे और लालच में डूबे लोगों को फिर से भक्ति और धर्म के मार्ग पर प्रशस्त करेंगे।

​”जमीन से जुड़ा रहना है जरूरी” – निर्णय समाधिया

​भगवान गणेश का किरदार निभा रहे बाल कलाकार निर्णय समाधिया ने कहा, “स्क्रिप्ट पढ़ते हुए मुझे एहसास हुआ कि बाहर से शक्तिशाली दिखने वाली चीजों से बहकना नहीं चाहिए। गणेश जी के रूप में मुझे यह दिखाने का मौका मिला है कि शांति और ज्ञान से बड़ी से बड़ी समस्या हल हो सकती है।”