मुंबई (अनिल बेदाग): सिनेमा की चकाचौंध से दूर, जब कोई कलाकार जंगलों की पगडंडियों पर उतरता है, तो वह एक नई मिसाल पेश करता है। अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए मशहूर अदा शर्मा ने हाल ही में मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध कान्हा नेशनल पार्क में आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘अनुभूति’ में शिरकत की।
बच्चों को बनाया ‘नेचर वॉरियर’
अदा शर्मा का इस कार्यक्रम में शामिल होने का मुख्य उद्देश्य आने वाली पीढ़ी, यानी स्कूली बच्चों को जंगलों, वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना था। अदा ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें समझाया कि क्यों प्रकृति की रक्षा करना हमारा सबसे बड़ा धर्म है। उनके स्टारडम ने इस शैक्षणिक कार्यक्रम को एक नई ऊर्जा और आकर्षण प्रदान किया।
स्टारडम के साथ जिम्मेदारी
’द केरल स्टोरी’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म के बाद अदा की लोकप्रियता चरम पर है। उन्होंने अपने इस प्रभाव का इस्तेमाल एक नेक मकसद के लिए किया। कार्यक्रम के दौरान अदा का वही समर्पण दिखाई दिया जो उनके किरदारों में दिखता है फर्क बस इतना था कि यहाँ वह जंगलों की रक्षा और बच्चों की सोच को नया आकार देने के लिए प्रतिबद्ध नजर आईं।
क्या है ‘अनुभूति’ कार्यक्रम?
यह मध्य प्रदेश वन विभाग की एक अनूठी पहल है, जिसमें बच्चों को कैंपों के माध्यम से वनों और वन्यजीवों के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी दी जाती है। अदा शर्मा की मौजूदगी ने इस साल इस अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया है।

