तेहरान/वॉशिंगटन: दुनिया ने आज एक ऐसे युग का अंत देखा जिसने दशकों तक मध्य-पूर्व की राजनीति को प्रभावित किया। ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIBI और समाचार एजेंसी तस्नीम ने आधिकारिक पुष्टि कर दी है कि सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई अब इस दुनिया में नहीं रहे। शनिवार सुबह तेहरान स्थित उनके अभेद्य माने जाने वाले कंपाउंड पर इजरायल और अमेरिका के भीषण हवाई हमले में खामेनेई के साथ उनके परिवार के चार अन्य सदस्य बेटी, दामाद, बहू और पोती भी मारे गए हैं।
लाइव टीवी पर रो पड़े एंकर, देश में 40 दिनों का मातम
ईरानी सरकारी टेलीविजन पर जब यह खबर पढ़ी गई, तो एंकर अपने आंसू नहीं रोक सका। ईरान सरकार ने इस ‘शहादत’ के बाद 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक और 7 दिनों के सार्वजनिक अवकाश का ऐलान किया है। सैटेलाइट तस्वीरों में तेहरान का वह वीवीआईपी इलाका धुएं के गुबार में लिपटा नजर आ रहा है, जहाँ से खामेनेई पूरे इस्लामिक जगत के एक बड़े हिस्से का नेतृत्व करते थे।
ट्रंप का तीखा प्रहार: “इतिहास का सबसे बुरा शख्स मारा गया”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस खबर की सबसे पहले घोषणा करते हुए इसे न्याय की जीत बताया। ट्रंप ने लिखा, “इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक, खामेनेई, मर गए हैं।” ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्हें पता है कि ईरान का अगला उत्तराधिकारी कौन होगा, हालांकि उन्होंने नाम का खुलासा नहीं किया।
अहमद वाहिदी बने नए कमांडर-इन-चीफ
खामेनेई की मौत के तत्काल बाद ईरान ने अपनी सैन्य कमान में बड़ा बदलाव किया है। अहमद वाहिदी को ईरानी सेना का नया कमांडर-इन-चीफ नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर, इजरायल ने अपनी एयर स्ट्राइक को विस्तार देते हुए ईरान के 30 सामरिक ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया है।
विश्व पर असर: थमी उड़ानें, दहला तेल अवीव
इस भीषण युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएँ पूरी तरह ठप हो गई हैं। ईरान द्वारा पहले किए गए मिसाइल हमलों से तेल अवीव की इमारतों को भारी नुकसान पहुँचने के वीडियो भी सामने आ रहे हैं। तेहरान की सड़कों पर लोग भारी संख्या में उतर आए हैं और राजधानी धमाकों की आवाजों से गूँज रही है।

