मुंबई/लखनऊ (अनिल बेदाग): लखनऊ की तहज़ीब, अदब और स्वाद से भरी गलियों ने हाल ही में बॉलीवुड की बहुमुखी अभिनेत्री अदा शर्मा का स्वागत किया। एक इवेंट के सिलसिले में लखनऊ पहुंचीं ‘द केरल स्टोरी’ फेम अदा शर्मा का एक अलग ही रूप यहाँ देखने को मिला। चकाचौंध से दूर, वह लखनऊ के चौक और बड़ा इमामबाड़ा की सड़कों पर किसी आम लड़की की तरह सादगी से घूमती नजर आईं।
चाट के ठेले पर रुकीं
बिना किसी स्टारडम के दिखावे के, अदा शर्मा ने लखनऊ के मशहूर स्ट्रीट फूड का जमकर लुत्फ उठाया। चाट के ठेले पर रुककर स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेते हुए और मुस्कुराते हुए राह चलते प्रशंसकों के साथ सेल्फी क्लिक करते हुए अदा ने सबका दिल जीत लिया। उनके इस सहज व्यवहार को देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए।
पर्दे पर दमदार, असल जिंदगी में जमीन से जुड़ीं
अदा शर्मा की लोकप्रियता केवल उनकी फिल्मों—जैसे ‘1920’ की हॉरर मिस्ट्री, ‘कमांडो 2’ का हाई-ऑक्टेन एक्शन या ‘द केरल स्टोरी’ के गंभीर अभिनय—तक सीमित नहीं है। ‘सनफ्लावर’ और ‘रीता सान्याल’ जैसी वेब सीरीज़ के जरिए डिजिटल दुनिया में भी अपनी कॉमिक टाइमिंग से छाप छोड़ने वाली अदा ने लखनऊ की इस शाम को यादगार बना दिया।
युवा प्रशंसकों का कहना है कि अदा की विनम्रता और उनकी सच्चाई ही उन्हें अन्य सितारों से अलग और खास बनाती है। सोशल मीडिया पर उनकी ये तस्वीरें और वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं, जो साबित करते हैं कि असली स्टारडम सादगी में ही बसता है।

