दिल्ली: साकेत कोर्ट परिसर में महिला को मारी गोलियां, आरोपी फरार

Regional

शुरुआती जानकारी में पता चला कि एक शख्स काले कपड़े पहनकर आया था। उसने मौका देखकर महिला को गोली मार दी। यह वारदात लॉयर ब्लॉक के पास हुई। महिला का अपने पति के साथ किसी मामले को लेकर विवाद चल रहा था। वह आज गवाही देने कोर्ट में आई थी। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज भी चेक की जा रही है।

कौन है फायरिंग करने वाला

सूत्रों के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है और वह हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। सूत्रों ने कहा, ऐसा संदेह है कि पीड़िता और आरोपी के बीच पैसे को लेकर कोई विवाद था। पुलिस अधिकारी ने कहा, पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और वह आरोपियों का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।

चश्मदीदों ने कोर्ट में क्या देखा

साकेत कोर्ट में आखिर महिला को गोली क्यों और कैसे मारी गई, इसके बारे में वहां मौजूद लोगों ने पूरी आंखोंदेखी बताई। मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि गोली चलाने वाले हमलावर का नाम कामेश्वर सिंह उर्फ मनोज सिंह है। वह वकीलों की तरह काला कोट पहने हुए था। एक और चश्मदीद ने कहा कि जिस वक्त यह घटना हुई, वह दोनों के साथ मौजूद था। उसके मुताबिक घायल महिला का नाम राधा है। गोली चलाने से पहले कामेश्वर की महिला से बहस हो रही थी। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। मैंने बीच-बचाव की कोशिश की। इस दौरान वह गुस्से में पागल हो गया। मैंने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हाथ से छूट गया। उसने पिस्तौल निकाल ली और गोली चलानी शुरू कर दी।

तीन से चार राउंड चलीं गोलियां

तीन से चार राउंड गोलियां चली हैं। हालांकि अभी तक इस मामले में पुलिस की तरफ से कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। खबर लिखे जाने तक कोर्ट परिसर के अंदर और बाहर काफी संख्या में पुलिस तैनात थी। अफरा-तफरी का माहौल था। मेटल डिटेक्टर और सुरक्षा अधिकारियों द्वारा तलाशी के बावजूद एक व्यक्ति के हथियार के साथ अदालत परिसर में प्रवेश करने के बाद कोर्ट की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़ा हो गया है।

पहले भी हुई है कोर्ट में फायरिंग की घटना

गौरतलब है कि इससे पहले रोहिणी कोर्ट में गैंगस्टर गोगी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके बाद काफी सवाल उठे थे और कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। कोर्ट के अंदर आने वाले लोगों की जांच की जाती है। इसके बावजूद आज यह वारदात कैसे हुई, इसकी भी छानबीन की जा रही है।

Compiled: up18 News