‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल कांग्रेस सांसद संतोख सिंह का निधन, यात्रा रुकी

Politics

पंजाब के जालंधर से सांसद संतोख सिंह लुधियाना में भारत जोड़ो यात्रा से जुड़े थे. सांसद की मौत के बाद यात्रा को रोक दिया गया है.

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा ने बताया कि आज के लिए यात्रा रोक दी गई है. रविवार को संतोख सिंह चौधरी का अंतिम संस्कार किया जाएगा. राहुल गांधी से बात नहीं हुई है लेकिन हम सभी लगता है कि अंतिम संस्कार के बाद हम यात्रा शुरू कर पाएंगे.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट करके संतोख सिंह की मौत की जानकारी दी है.

राहुल गांधी ने जताया दुख

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सासंद संतोख सिंह चौधरी की मौत पर राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया है.
एक ट्वीट में राहुल गांधी ने लिखा कि “संतोख सिंह चौधरी के अकस्मात निधन से मैं हैरान हूं”.

उन्होंने संतोख सिंह को “ज़मीन से जुड़ा परिश्रमी नेता और कांग्रेस के परिवार का मज़बूत स्तंभ” बताया. उन्होंने लिखा कि उनकी संवेदनाएं संतोख सिंह के परिवार के साथ हैं.

सांसद की मौत पर कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस पार्टी ने किया ट्वीट

जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह की मौत पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दुख जाहिर किया है.

उन्होंने ट्वीट किया, ”हार्ट अटैक से आज सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं. इस दुख भरे समय में उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. उनकी आत्मा को शांति मिले.”

कांग्रेस ने दुख जताते हुए ट्वीट किया, ”जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख चौधरी जी के आकस्मिक निधन की खबर कांग्रेस परिवार के लिए बेहद पीड़ादायी है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें. इस मुश्किल घड़ी में कांग्रेस परिवार के हर सदस्य की भावनाएं संतोख जी के परिजनों और समर्थकों के साथ हैं.”

Compiled: up18 News