मुंबई (अनिल बेदाग): माया नगरी मुंबई एक बार फिर उन सितारों और कर्मयोगियों की गवाह बनी, जिन्होंने अपने असाधारण कार्यों से समाज को नई दिशा दी है। अवसर था 18वें न्यूज़मेकर्स अचीवर्स अवॉर्ड्स 2026 का, जो महज एक सम्मान समारोह न रहकर ‘जुनून और जज्बे’ का महाकुंभ बन गया। इस भव्य शाम में कला, मीडिया, शासन, खेल और सामाजिक सेवा क्षेत्र की उन शख्सियतों को नवाजा गया, जिन्होंने अपनी उपलब्धियों से राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है।
मुख्य अतिथि ने थपथपाई विजेताओं की पीठ
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विष्णु देव वर्मा ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की। आयोजनकर्ता वैदेही तमन ने इस मंच की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सिर्फ अवॉर्ड देने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह उन लोगों के लिए एक “प्रेरणा का मंच” है जो शून्य से शिखर तक का सफर तय करते हैं।
दिलीप जोशी, हरिहरन और संजीव कपूर के प्रेरक विचार
समारोह का मुख्य आकर्षण रहे दिग्गज हस्तियों ने अपने अनुभव साझा किए:
दिलीप जोशी (जेठालाल): बेहद सादगी के साथ दिलीप जोशी ने कहा, “जेठालाल मेरे लिए सिर्फ एक ऑन-स्क्रीन किरदार नहीं, बल्कि मेरी पहचान बन चुका है। 18 साल के सफर के बाद भी दर्शकों का जो निस्वार्थ प्यार मिल रहा है, मेरे लिए वही दुनिया का सबसे बड़ा पुरस्कार है।”
संजीव कपूर (सेलेब्रिटी शेफ): खान-पान की दुनिया के बादशाह संजीव कपूर ने युवाओं के जोश की सराहना की। उन्होंने कहा, “आज की नई पीढ़ी बहुत कुछ नया कर रही है, और उनसे हर दिन कुछ नया सीखना ही मुझे आगे बढ़ने की ऊर्जा देता है।”
हरिहरन (पद्म श्री गायक): संगीत मार्तंड हरिहरन ने सुरों की महत्ता बताते हुए कहा, “संगीत लोगों को दिलों से जोड़ने का सबसे सुंदर माध्यम है। यह हमें वह सकारात्मक ऊर्जा देता है जो किसी और चीज में संभव नहीं।”
जुनून को सलाम
देर रात तक चले इस समारोह ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब समर्पण और जुनून का मिलन होता है, तो सफलता न केवल कदम चूमती है, बल्कि दुनिया भी उसे मंच पर बुलाकर सम्मानित करती है।

