आगरा: गांधी परिवार को दुनिया का भ्रष्ट परिवार बताने पर कांग्रेस का पलटवार, भाजपा पहले अपने गरेवां में झांके

Politics

आगरा: भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता गौरव भाटिया की ओर से गांधी परिवार को दुनिया का सबसे भ्रष्ट परिवार कहे जाने के मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओ में रोष है। भाजपा प्रवक्ता के इस बयान से नाराज कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हाजी जमीलुद्दीन कुरैशी ने भी पलटवार किया है। उन्होंने गांधी परिवार को देश का हितैषी बताया तो भाजपा को सबसे भ्रष्ट पार्टी कहा।

भाजपा के नेता पूरी तरह भ्रष्ट

कुरैशी ने कहा कि जो यह कहते हैं कि गांधी परिवार सबसे भ्रष्ट परिवार है, वो पहले अपनी पार्टी और अपने गले में झांक लें। उन्हें पता चल जाएगा कि कौन कितना भ्रष्ट है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता हाजी जमीलुद्दीन कुरैशी ने कहा कि देश की आजादी में गांधी परिवार का अहम योगदान रहा। जवाहरलाल नेहरू का परिवार आज भी महात्मा गांधी के मिशन को आगे बढ़ा रहा है। अगर कोई इस देश मे भ्रष्ट है तो वो है भाजपा पार्टी और उसके नेता। जो किसी न किसी आपराधिक मामलों में संलिप्त हैं।

बेवजह तूल दे रहे है नेशनल हेराल्ड मामले को

प्रदेश प्रवक्ता का कहना है कि नेशनल हेराल्ड मामले को भाजपा बेवजह तूल दे रही है। नेशनल हेराल्ड जवाहरलाल नेहरू का उपक्रम था। जिसके बाद उस पर गांधी परिवार का हक है। अगर उसे बेचा गया तो क्या गलत है। इस मामले को आपराधिक मामला बनाकर भाजपा गांधी परिवार की छवि धूमिल कर रही है, जिसे बर्दाश्त नही किया जाएगा।