आगरा। महिला आरक्षण बिल को लेकर देश में मचे सियासी घमासान की तपिश अब ताजनगरी की सड़कों पर महसूस की जाएगी। बुधवार को जयपुर हाउस स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, मेयर हेमलता दिवाकर और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने विपक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
भाजपा ने ऐलान किया है कि महिलाओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने वाले विपक्षी दलों के विरुद्ध 23 से 25 अप्रैल तक आगरा में मंडलवार ‘जन आक्रोश पदयात्रा’ निकाली जाएगी।
विपक्ष की मानसिकता पर उठाए सवाल
प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबीरानी मौर्य ने विपक्ष को महिला विरोधी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस, सपा, टीएमसी और डीएमके जैसे दलों ने हमेशा नारी शक्ति के अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक की राह में रोड़े अटकाना इन दलों की संकीर्ण सोच का परिचायक है। मौर्य ने हुंकार भरते हुए कहा कि अब अपमान का घूंट नहीं पिया जाएगा, बल्कि सड़कों पर उतरकर जनता को विपक्ष की असलियत बताई जाएगी।
आगरा में तीन दिनों तक चलेगा विरोध प्रदर्शन
भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में तीन दिनों तक चलने वाली इस पदयात्रा की रूपरेखा तय कर ली गई है। 23 अप्रैल से शुरू होने वाली यह पदयात्रा आगरा के प्रत्येक मंडल से गुजरेगी, जिसमें हजारों महिलाएं अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगी। अभियान का समापन एक विशाल जनसभा के साथ होगा, जहाँ विपक्षी गठबंधन के खिलाफ हुंकार भरी जाएगी।
मोदी सरकार की योजनाओं का हवाला
मेयर हेमलता दिवाकर और डॉ. मंजू भदौरिया ने साझा बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए महिलाओं को वह सम्मान मिला है, जिसकी वे हकदार थीं। कन्या सुमंगला, सुकन्या समृद्धि और मातृ वंदना जैसी योजनाओं ने महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल अपने परिवार की महिलाओं को राजनीति में लाना चाहता है, जबकि भाजपा आम घर की बेटियों को नेतृत्व देने की पक्षधर है।
कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महिला आयोग की पूर्व सदस्य डॉ. निर्मला दीक्षित सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर महिलाओं को केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विपक्ष के ‘अवरोधक’ रवैये के बारे में जागरूक करेंगी।

