आगरा: ताजनगरी के प्रतिष्ठित आगरा कॉलेज के इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी संकाय में शनिवार को दो दिवसीय वार्षिक तकनीकी महोत्सव ‘प्रज्ज्वलन 2026’ का शानदार आगाज हुआ। प्राचार्य प्रो. सीके गौतम के नेतृत्व में आयोजित इस ‘तकनीकी महाकुंभ’ में आगरा मंडल के विभिन्न संस्थानों से आए सैकड़ों विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और इंजीनियरिंग कौशल का लोहा मनवाया।
नवाचार और सपनों की उड़ान का मंच
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी नीरज गुप्ता, विशिष्ट अतिथि डॉ. अरुणोदय वाजपेई और प्राचार्य प्रो. सीके गौतम द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। समारोह के समन्वयक डॉ. यादवेंद्र शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि ‘प्रज्ज्वलन’ केवल एक महोत्सव नहीं, बल्कि छात्रों के तकनीकी सपनों को हकीकत में बदलने का एक सशक्त मंच है।
17 चुनौतियों में दिखेगा ‘फ्यूचरिस्टिक’ टैलेंट
सहायक प्रोफेसर डॉ. अनुज कुमार पाराशर ने जानकारी दी कि इस दो दिवसीय महोत्सव में कुल 17 तकनीकी और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का जाल बिछाया गया है।
प्रमुख आकर्षण: रोबो रेस, कोडिंग कार्निवल और ‘स्टार्ट-अप हीस्ट’ जैसी प्रतियोगिताओं ने पहले ही दिन छात्रों के बीच भारी रोमांच पैदा कर दिया।
सामाजिक संदेश: मुख्य अतिथि नीरज गुप्ता ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि तकनीक तभी सार्थक है, जब वह समाज के अंतिम व्यक्ति के काम आए। वहीं प्राचार्य प्रो. गौतम ने इसे विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता का प्रतीक बताया।
कल ‘रोबो वॉर’ में मचेगा धमाल
आयोजन समिति के समन्वयक डॉ. भूपेंद्र चिकारा के मार्गदर्शन में पहले दिन के सत्र सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुए। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन छात्रा ओजस्वी ने किया।
महोत्सव के दूसरे दिन यानी 29 मार्च को सबसे रोमांचक मुकाबला ‘रोबो वॉर’ और मॉडल प्रदर्शनी का होगा। समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा।
टीम वर्क की दिखी झलक
इस अवसर पर डॉ. अनुराग शर्मा, डॉ. आर. के. शर्मा, डॉ. अमित रावत, ई. आनंद कुमार सहित कई वरिष्ठ प्राध्यापक मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्र समन्वयक नंदिनी, प्रबल, संदीप, आयुष, यश, मोहित और आदित्य दीक्षित सहित पूरी छात्र टीम ने जी-जान लगा दी। अंत में ई. आनंद कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।

