आगरा जिला कारागार की बदली सूरत: एमएलसी विजय शिवहरे ने किया ₹45 लाख के निर्माण कार्यों का लोकार्पण; अब सुगम होगी मुलाकातियों की राह

स्थानीय समाचार

​आगरा: ताजनगरी में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के अभियान के तहत एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे ने जिला कारागार आगरा को बड़ी सौगात दी है। विधायक निधि के माध्यम से जेल परिसर में कराए गए महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का आज विधिवत लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से न केवल जेल की व्यवस्थाओं में सुधार होगा, बल्कि सुरक्षा और आवागमन को भी नई मजबूती मिलेगी।

​जेल परिसर में ₹45 लाख से ‘सुविधा और सुरक्षा’ का संगम

​कारागार प्रशासन और मुलाकातियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए विजय शिवहरे ने अपनी निधि से लगभग ₹45 लाख आवंटित किए थे। इसके तहत निम्नलिखित कार्य पूर्ण किए गए हैं। बाहरी प्रवेश द्वार से लेकर मुलाकाती वेटिंग हॉल तक पक्की सीसी सड़क बनाई गई है।बाहरी गेट से मुख्य द्वार तक के ऊबड़-खाबड़ रास्तों को सीसी सड़क में तब्दील कर दिया गया है। इन पक्की सड़कों से अब मुलाकातियों, जेल कर्मचारियों और सुरक्षा वाहनों को जलभराव और कीचड़ से मुक्ति मिलेगी, साथ ही सुरक्षा संबंधी आवाजाही भी अधिक व्यवस्थित और त्वरित हो सकेगी।

​शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास की बयार

​कारागार के साथ-साथ एमएलसी विजय शिवहरे ने शहर और देहात की अन्य बस्तियों के लिए भी ₹40 लाख की लागत से सीसी सड़कों का जाल बिछाया है। जिसमे ​पश्चिमपुरी (अरविन्दपुरम फेस-3) में श्रीकांत त्यागी के घर से ज्योति कुलश्रेष्ठ के घर तक। ग्राम कलवारी (स्नेह विहार) में मुख्य मार्ग से राजीव कुमार के घर तक। ग्राम कुण्डौल में गोरेलाल के घर से अशोक के घर तक निर्माण कार्य संपन्न हुए हैं।

​जलभराव और कीचड़ से मिली मुक्ति

इन सड़कों के निर्माण से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। पहले इन गलियों में कच्चा रास्ता होने के कारण बारिश के दिनों में भारी जलभराव और कीचड़ की समस्या रहती थी। अब पक्की सड़कें बनने से दैनिक आवागमन सुगम हो गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार और क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है।

विजय शिवहरे ने इस अवसर पर कहा कि “जनता की सेवा और उनके जीवन को सुगम बनाना ही मेरी प्राथमिकता है। जिला कारागार और विभिन्न बस्तियों में कराए गए ये कार्य आगरा के बुनियादी ढांचे को सशक्त करने की दिशा में एक छोटा सा प्रयास हैं।”