केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो CBI ने दिल्ली के शराब नीति घोटाले में अभिषेक बोइनपल्ली को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। इस मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आरोपी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अभिषेक बोइनपल्ली दक्षिणी भारत के कुछ शराब कारोबारियों के लिए कथित तौर पर काम करता था। उसे रविवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने पाया कि वह कुछ महत्वपूर्ण सवालों का जवाब देने से बच रहा है, जिसके बाद उसे देर रात हिरासत में ले लिया गया।
उन्होंने बताया कि आबकारी मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले कारोबारी एवं आम आदमी पार्टी के नेता विजय नायर को गिरफ्तार किया गया था।
यह मामला राष्ट्रीय राजधानी में शराब के लाइसेंस देने में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ा है।
-एजेंसी