UP cabinet Expansion: सीएम योगी ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से की मुलाकात, कैबिनेट विस्तार की अटकलों ने पकड़ा जोर?

यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार 10 नवंबर को, राजभर, दारा सिंह के साथ दो अन्य ले सकते हैं शपथ

Regional

यूपी में योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी प्रमुख ओम प्रकाश राजभर और दारा सिंह चौहान के मंत्रिमंडल में शामिल होने को लेकर भी चर्चाएं लगातार होती रही हैं। इस सम्बन्ध में दिल्ली में पिछले दिनों हुई बैठक के बाद बीते मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। जिसके बाद एक बार फिर उन अटकलों को बल मिला। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो योगी मंत्रिमंडल विस्तार दीपोत्सव के पहले 10 तारीख को राजभवन में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। इसमें 4 से 5 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है।

राजभर, दारा सिंह के साथ दो अन्य ले सकते हैं शपथ

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 10 नवंबर को राजभवन में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान को जगह मिलना तय माना जा रहा है। साथ ही दो अन्य नेताओं को भी मंत्री बनाए जाने की बात सामने आ रही है। खबर तो ये भी है कि, इन दोनों नेताओं को लखनऊ पहुंचने के लिए कहा गया है, लेकिन यहां गौर करने वाली बात है कि मंत्रिमंडल विस्तार पर अक्सर बयान देने वाले ओम प्रकाश राजभर इस बार शांत हैं।

CM योगी मिले थे शाह-नड्डा से

बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। इस भेंट में मंत्रिमंडल विस्तार पर सैद्धांतिक सहमति बनने की बात कही जा रही है। सीएम योगी की राज्यपाल से मुलाकात इसी की अगली कड़ी है। चर्चा है कि 9 नवंबर को अयोध्या में योगी कैबिनेट की मीटिंग के बाद अगले दिन यानी 10 नवंबर को मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है।

मिशन 2024’ पर है बीजेपी की नजर

लंबे समय से ओम प्रकाश राजभर और दारा सिंह के मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा रही है। इसके अलावा 2024 लोकसभा चुनाव में जाति समीकरण साधने के मकसद से एक-दो चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। चर्चा तो ये भी है कि कुछ मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं। ये बदलाव मंत्रियों के डेढ़ साल के प्रदर्शन के आधार पर हो सकता है।

-compiled: up18 News