आगरा। ताजनगरी के खंदौली क्षेत्र में एलपीजी गैस वितरण प्रणाली में मची ‘अंधेरगर्दी’ का शिकार इस बार एक पूर्व विधायक का परिवार हुआ है। सादाबाद क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी ने ‘तृप्ति श्याम गैस सर्विस’ (उजरई) पर गंभीर आरोप लगाते हुए गैस की कालाबाजारी का मुद्दा उठाया है। पूर्व विधायक की पत्नी के नाम दर्ज कनेक्शन पर सिलेंडर दिए बिना ही सिस्टम में डिलीवरी दिखाकर खेल कर दिया गया। महज 40 मिनट के भीतर आए इस फर्जी डिलीवरी मैसेज ने एजेंसी की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
सुबह 9:39 पर बुकिंग, 10:22 पर ‘कागजी’ डिलीवरी
पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी के अनुसार, उनकी धर्मपत्नी प्रतिभा चौधरी के नाम से तृप्ति श्याम गैस सर्विस (HP Gas) का कनेक्शन है। बुधवार सुबह 09:39 बजे गैस रिफिल की बुकिंग (नंबर: 514212Con611845) की गई। एजेंसी स्टाफ को ओटीपी (OTP) भी उपलब्ध करा दिया गया। लेकिन सिलेंडर घर पहुंचने के बजाय, सुबह 10:22 बजे मोबाइल पर मैसेज आ गया कि कैश मेमो नंबर 1742774 के जरिए सिलेंडर डिलीवर कर दिया गया है।
कहां गया सिलेंडर? कालाबाजारी की आशंका
हैरानी की बात यह है कि जब सिलेंडर घर पहुंचा ही नहीं, तो सिस्टम में उसे डिलीवर कैसे दिखाया गया? डॉ. अनिल चौधरी ने आशंका जताई है कि उपभोक्ताओं के हिस्से के सिलेंडर को कागजों में डिलीवर दिखाकर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक पूर्व विधायक के घर का सिलेंडर सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता के साथ एजेंसी का क्या रवैया होगा?
एजेंसी में खलबली, अधिकारियों से जांच की मांग
इस फर्जीवाड़े की शिकायत के बाद गैस एजेंसी के स्टाफ में हड़कंप मच गया है, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया है। स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि रिफिल की किल्लत के बीच यह कालाबाजारी का एक संगठित नेटवर्क हो सकता है। पूर्व विधायक ने जिला प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग से पूरे नेटवर्क की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

