बुलंदशहर में STF नोएडा यूनिट और थाना गुलावठी पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने गुलावठी इलाके में मुठभेड़ एक बदमाश को मार गिराया। मृतक की शिनाख्त साहब सिंह उर्फ सुनील सिंह निवासी गांव सजेती जसराना जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है।
बताया गया कि साहब सिंह पर पुलिस ने एक लाख 25 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था। बदमाश घरों में डकैती और उसी दौरान हत्या करने वाले घुमंतू जनजाति गैंग का सदस्य था। थाना डिबाई में 11-8-19 को डकैती के रजिस्टर्ड गैंग D-14 गैंग का भी सक्रिय सदस्य है।
साहब सिंह ने 2001 में गोण्डा में पांच लोगों की हत्या की थी। उस पर अलीगढ में भी दो लोगों की हत्या का आरोप है। डकैत साहब सिंह पर बुलन्दशहर में भी डकैती के दो मामले दर्ज थे।
इन घटनाओं को दिया था अंजाम
-18 अगस्त 2001 को थाना कोतवाली नगर गोंडा इलाके में घर में घुसकर साथियों के साथ डकैती डाली थी। जिसमें घर के सभी 14 लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उनमें से दो बच्चों समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
-19 दिसंबर 2006 को थाना छर्रा अलीगढ़ क्षेत्र में घर में घुस कर दो लोगों की हत्या कर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।
-20 सितंबर 2014 को थाना कोतवाली नगर बुलंदशहर इलाके में घर में घुसकर मारपीट करके सोने चांदी के जेवर, डबल बैरल बंदूक आदि लूट लिया था।
-20 अक्तूबर 2014 को थाना डिबाई इलाके में घर में घुसकर मारपीट कर घायल करके जेवर, बंदूक आदि लूट लिया था।
Compiled: up18 News