ब्रज की कला को वैश्विक मंच: आगरा एयरपोर्ट पर ‘ब्रज उदय–प्रेरणा सरस शॉप’ शुरू, SHG महिलाओं को मिला ग्लोबल बाजार

स्थानीय समाचार

आगरा: उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगरा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। आगरा एयरपोर्ट पर ‘ब्रज उदय – प्रेरणा सरस शॉप’ की स्थापना की गई है, जिसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बाजार उपलब्ध कराना है।

​उपमुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन और संवाद

इस विशेष शॉप का भव्य शुभारंभ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी द्वारा दिनांक 15.04.2026 को जनपद के माननीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया। उपमुख्यमंत्री ने न केवल फीता काटकर शॉप का उद्घाटन किया, बल्कि समूह की महिलाओं के साथ सीधा संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने समूह सदस्यों की इस अनूठी पहल की सराहना की और स्वयं उत्पाद खरीदकर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

लखपति दीदी से ‘करोड़पति दीदी’ का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री जी ने मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को इस शॉप के विस्तार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि सरकार का लक्ष्य अब ‘लखपति दीदी’ को ‘करोड़पति दीदी’ बनाने की दिशा में कार्य करना है। यह शॉप इसी विजन का एक हिस्सा है, जो ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता के नए आयाम तक पहुँचाएगी।

शॉप की विशेषताएं और उत्पाद

शॉप का संचालन आस्था प्रेरणा संकुल स्तरीय संघ (CLF), मलपुरा (विकास खंड अकोला) द्वारा किया जा रहा है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के सहयोग से यह मंच तैयार हुआ है। यहाँ ब्रज क्षेत्र की समृद्ध कला का प्रदर्शन किया गया है। यात्री यहाँ से सॉफ्ट टॉयज, जरी उत्पाद, कान्हा जी के वस्त्र, पारंपरिक गुड़िया, डिजाइनर पर्स, जूट उत्पाद और कुरेसिया (हस्तनिर्मित पारंपरिक वस्तुएं) खरीद सकते हैं।

​आर्थिक उन्नति का नया केंद्र

यह शॉप न केवल स्थानीय महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि आगरा एयरपोर्ट पर आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को ब्रज की हस्तशिल्प संस्कृति से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगी। शॉप के इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश स्वयं आस्था प्रेरणा (CLF) द्वारा किया गया है, जो महिलाओं की प्रबंधन क्षमता को दर्शाता है।