आगरा में भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू: 17 सितंबर से घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता, 25 विशेष सेवा कार्यों के जरिए जनता से होगा संवाद

Politics

आगरा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर उत्तर प्रदेश के आगरा महानगर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन जयपुर हाउस स्थित ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर संपन्न हुआ। इस कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलित कर मुख्य अतिथि एवं भाजपा उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश और विधायक धर्मपाल सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

​हर बूथ और शक्ति केंद्र तक पहुंचेगी रणनीति

मुख्य अतिथि एवं प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से आगामी 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ को बूथ स्तर तक ले जाने की ठोस रणनीति तैयार की गई है। प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा हर बूथ और शक्ति केंद्र तक पहुंचाया जाएगा।

​इस अभियान के तहत कई प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है:

आशीर्वाद का दिया: इसके अंतर्गत कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचेंगे।

कॉलेजों में प्रतियोगिताएं: सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में पीएम मोदी के 25 साल के सेवा कार्यों और ‘विकसित भारत’ की संकल्पना पर ड्राइंग तथा भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

​नमो सेवा गाथा (2 अक्टूबर): प्रदेश के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन होगा।

आंगन के उत्सव: आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं और बच्चों की माताओं को सम्मानित करने के लिए समारोह आयोजित किए जाएंगे।

​25 वर्ष 25 सेवा कार्य: हर कार्यकर्ता कम से कम एक सेवा कार्य चुनेगा और विधानसभा स्तर पर सेवा गतिविधियां संचालित करेगा।

​सेवा सेतु: शिविर लगाकर सरकारी योजनाओं से वंचित जरूरतमंद लोगों को उनका लाभ दिलाया जाएगा।

अन्य आयोजन: इनोवेशन चैलेंज, पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन, सेवा ज्योति यात्रा, बड़नगर से वाराणसी तक ‘जल, जन और सेवा यात्रा’, ‘रंगोली राष्ट्र’ तथा ‘जनसेवा महाकुंभ’ के जरिए जनसंपर्क बढ़ाया जाएगा।

ईमानदारी और लगन से कार्य करने का आह्वान

भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी का प्रत्येक जनप्रतिनिधि, महानगर कार्यकारिणी, सभी मंडल, शक्ति केंद्र, मोर्चे और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर इस एक महीने के सेवा अभियान में पूरी ईमानदारी और निष्ठा से जुटेंगे। उन्होंने बल दिया कि हर बूथ पर अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना ही कार्यकर्ताओं का मुख्य उद्देश्य होगा।

​कार्यशाला के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, विधायक धर्मपाल सिंह के अलावा महेश शर्मा, हेमंत भोजवानी, नीतेश शिवहरे, दीपू जादोन, राहुल सागर, मनमोहन कुशवाह, नवीन गौतम, राजू परमार, अतुल गर्ग, रोहित कत्याल, गौरव राजावत, अनीता खरे, डॉ. निधि शर्मा, नेहा गुप्ता, अंजू गर्ग, विजय श्रीवास्तव, करुणा निधि गर्ग, माधुरी माहोर, विकास भारद्वाज, अंकित शर्मा, विकास गुप्ता, विक्रांत तिवारी, नंदी महाजन, के.के. सिकरवार, गया लोधी, विवेक पाठक, शशांक शर्मा, आदित्य अग्रवाल, संध्या माहोर और दीक्षा बघेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।