चंडीगढ़ में राहुल गांधी और विपक्ष पर बरसे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन: बोले— ‘पार्ट-टाइम राजनेता विदेश में करते हैं देश का अपमान’

National

चंडीगढ़। पंजाब के चंडीगढ़ में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब भी विदेश दौरे पर जाते हैं, तो भारत की छवि को धूमिल करने और देश का अपमान करने का काम करते हैं। नितिन नबीन ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे नेताओं को केवल अपने परिवार की चिंता रहती है और ये ‘पार्ट-टाइम’ राजनीति करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जो लोग इसी भारत भूमि से आते हैं और यहीं का अन्न खाते हैं, वे ही विदेश जाकर देश की मिट्टी और यहां की तरक्की पर सवाल उठाते हैं। भारत की आर्थिक प्रगति से इन्हें दुख होता है और वे देश की अर्थव्यवस्था को तबाह बताते हैं, जबकि हकीकत यह है कि देश के 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलकर खुद आत्मनिर्भर बने हैं।

​’बीजेपी कार्यकर्ता साल के 365 दिन जनता के बीच रहते हैं’

भाजपा के कार्यबल की सराहना करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि अक्सर लोग पूछते हैं कि चुनाव आते ही भाजपा कार्यकर्ता क्या करते हैं? इस पर मेरा साफ मानना है कि भाजपा के कार्यकर्ता 365 दिन और 24 घंटे जनता की सेवा में सक्रिय रहते हैं। उनके लिए चुनाव का आना या जाना कोई मायने नहीं रखता, क्योंकि वे कोई पार्ट-टाइम राजनेता नहीं हैं। भाजपा कार्यकर्ता हमेशा समाज के बीच रहकर हर परिस्थिति में जनता और अपने साथियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते हैं।

वोट चोरी के आरोपों पर दिया आंकड़ों से जवाब

​विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के आरोपों को खारिज करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि जिनकी राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है, वे ही ऐसी बातें कर रहे हैं। मतदाता सूची से 13 करोड़ लोगों के नाम हटाए जाने के दावों का सच बताते हुए उन्होंने आंकड़े पेश किए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इन 13 करोड़ नामों में से लगभग 2.8 करोड़ ऐसे लोग हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है, 6.3 करोड़ लोग अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके हैं, 1 करोड़ डुप्लीकेट नाम थे और करीब 3 करोड़ नाम ऐसे थे जो धरातल पर अस्तित्व में ही नहीं थे।

नितिन नबीन के इस संबोधन को पंजाब और पड़ोसी राज्यों में आगामी संगठनात्मक अभियानों तथा विपक्षी बयानों के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।