आगरा। ताजनगरी के फतेहाबाद कस्बे में शनिवार रात अराजक तत्वों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। भारतीय जनता पार्टी के राजेश्वर मंडल के मंत्री वीरेश राठौर की कार में न केवल जमकर तोड़फोड़ की गई, बल्कि उनके एक साथी के साथ बेरहमी से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोप है कि हमलावर लूटपाट की वारदात को भी अंजाम देकर फरार हो गए।
पानी की बोतल लेने रुके और शुरू हो गया विवाद
जानकारी के अनुसार, भाजपा महानगर मंत्री वीरेश राठौर शनिवार रात करीब 8 बजे अपने साथियों मनीष और रामबाबू के साथ बाह से आगरा लौट रहे थे। फतेहाबाद के बाह तिराहे बाईपास रोड पर वे एक परचून की दुकान के पास पानी की बोतल लेने के लिए रुके थे। इसी दौरान वहां एक महिला के साथ मौजूद कुछ लोगों ने बिना किसी कारण के गाली-गलौज शुरू कर दी।
8-10 हमलावरों ने किया हमला, चेन और मोबाइल लूटा
देखते ही देखते वहां 8 से 10 हमलावर जमा हो गए और उन्होंने वीरेश राठौर की कार पर हमला बोल दिया। दबंगों ने कार के शीशे तोड़ दिए और रामबाबू को जबरन गाड़ी से बाहर खींच लिया। हमलावरों ने रामबाबू को लात-घूंसों से जमकर पीटा। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावर इस दौरान रामबाबू की सोने की चेन और मोबाइल फोन भी छीनकर ले गए।
घायल साथी अस्पताल में भर्ती
वारदात के बाद घायल रामबाबू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) फतेहाबाद में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और कई नेता मौके पर पहुँच गए।
पुलिस की कार्रवाई
फतेहाबाद इंस्पेक्टर तरुण धीमान ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल मारपीट के कारणों की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

