आगरा में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही: नलकूप कनेक्शन के इंतजार में सिंचाई के अभाव में सूखने लगी किसान की फसल

स्थानीय समाचार

आगरा: प्रदेश सरकार भले ही अन्नदाता किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और उनकी आय बढ़ाने के तमाम बड़े दावे करती हो, लेकिन जमीनी स्तर पर बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही किसानों की कमर तोड़ रही है। ऐसा ही एक ताजा और संवेदनशील मामला आगरा जिले के बरौली ब्लॉक के बगदा गांव से सामने आया है, जहां एक किसान नलकूप का बिजली कनेक्शन पाने के लिए विभाग के चक्कर काटते-काटते थक चुका है, और दूसरी ओर सिंचाई के अभाव में उसकी लहलहाती फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है।

​पूरी धनराशि जमा और ट्रांसफार्मर रखवाए जाने के बाद भी कनेक्शन लंबित

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बगदा निवासी किसान धर्मेंद्र कुमार का अकबरपुर स्थित खेत है। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (DVVNL) द्वारा उनके इस खेत पर कृषि कार्य (नलकूप) के लिए एलएमवी-5 (LMV-5) श्रेणी का बिजली कनेक्शन विधिवत स्वीकृत किया गया था। विभाग के निर्देशानुसार न केवल इसका सर्वे कराया गया, बल्कि किसान धर्मेंद्र कुमार द्वारा कनेक्शन से जुड़ी निर्धारित संपूर्ण धनराशि भी समय पर जमा करा दी गई।

किसान का आरोप है कि पैसे जमा किए हुए करीब एक महीना बीत चुका है और खेत पर विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर भी रखवा दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद आज तक कनेक्शन चालू करने या लाइन जोड़ने का अंतिम कार्य पूरा नहीं किया गया है।

​अधिकारियों और अवर अभियंता (JE) पर अनसुनी का आरोप

पीड़ित किसान धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर वह कई बार स्थानीय स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारी (SDO) और अवर अभियंता (JE) के कार्यालय के चक्कर काट चुके हैं और गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। किसान ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि जेई एसके कुशवाहा की ओर से भी नलकूप कनेक्शन का अधूरा कार्य पूरा कराने के लिए कोई प्रभावी या सकारात्मक कदम नहीं उठाया जा रहा है, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।

आर्थिक नुकसान के साये में फसल सूखने का डर

बिजली कनेक्शन में हो रही इस अवांछित देरी का सीधा और भारी खामियाजा किसान को अपनी फसल के रूप में भुगतना पड़ रहा है। समय पर सिंचाई न मिल पाने के कारण खेत में खड़ी फसल अब सूखने लगी है, जिससे किसान धर्मेंद्र कुमार के सामने भारी आर्थिक संकट और नुकसान की तलवार लटक रही है।

​अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि जब किसान द्वारा नियमानुसार पूरी फीस जमा कर दी गई, विभागीय सर्वे पूरा हो गया और खेत पर ट्रांसफार्मर भी स्थापित कर दिया गया, तो आखिर किस तकनीकी या प्रशासनिक अड़चन के चलते बिजली कनेक्शन का कार्य अटका हुआ है?

रिपोर्ट- अजय यादव