बड़ा खुलासा: सोनिया गांधी सहित कांग्रेसी नेताओं पर किराए का लाखों रुपया बकाया

Politics

सूचना के अधिकार RTI के तहत मिली जानकारी से कांग्रेस को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। केंद्रीय शहरी विकास व आवास मंत्रालय ने एक आरटीआई अर्जी के जवाब में कहा है कि कांग्रेस के कई नेता सरकारी इमारतों का किराया नहीं चुका रहे हैं। इन नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी नाम है। पार्टी ने दिल्ली स्थित मुख्यालय और सोनिया गांधी के निवास का किराया लंबे समय से नहीं चुकाया है। लाखों रुपया बकाया हो गया है।

यह जानकारी आरटीआई कार्यकर्ता सुजित पटेल की अर्जी के जवाब में केंद्रीय आवास मंत्रालय ने दी है।

चंदा चुकाने के लिए भाजपा करेगी चंदा, बग्गा ने शुरू किया अभियान

अब भाजपा ने कांग्रेस नेताओ को शर्मिंदा करने के लिए चंदा इकट्ठा कर किराया चुकाने का अभियान शुरू किया है। भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने कहा है कि जब किराए के बराबर चंदा इकट्ठा हो जाएगा तो ये किराया सोनिया गांधी को भेजा जाएगा। इस अभियान की शुरुआत तेजेंद्र बग्गा ने आज सोशल मीडिया पर की। बग्गा ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों को छोड़कर मैं एक इंसान के रूप में उनकी मदद करना चाहता हूं। मैंने एक अभियान #SoniaGandhiReliefFund शुरू किया और सोनिया गांधी के खाते में 10 रुपये भेजे।

कांग्रेस व नेताओं पर कहां का, कितना किराया बकाया

दिल्ली के अकबर रोड पर कांग्रेस पार्टी मुख्यालय का 12,69,902 रुपये का किराया लंबित। आखिरी बार किराया दिसंबर 2012 में चुकाया गया।

10 जनपथ रोड स्थित सोनिया गांधी के आवास का 4,610 रुपये का किराया बाकी है। पिछला किराया सितंबर 2020 में चुकाया गया था।

नई दिल्ली की चाणक्यपुरी में सोनिया गांधी के निजी सचिव, विन्सेंट जॉर्ज के बंगला नंबर C-ll/109 का 5,07,911 रुपये बाकी है। आखिरी बार किराया अगस्त 2013 में चुकाया गया था।

2013 में खाली करना था अकबर रोड दफ्तर

मिली जानकारी के अनुसार नियमानुसार हर राष्ट्रीय व प्रांतीय पार्टी को तीन साल में अपना खुद का कार्यालय बनाना होता है। इसके बाद उसे सरकारी बंगला खाली करना पड़ता है। कांग्रेस को 9ए राउस एवेन्यू में जमीन आवंटित की जा चुकी है, ताकि वह वहां पार्टी कार्यालय बना ले। कांग्रेस को 2013 में ही उक्त दफ्तर व कुछ बंगले खाली करने थे, जो उसने अभी तक नहीं किए हैं। देश की सबसे पुरानी पार्टी कई बार इन्हें खाली करने की मियाद बढ़वा चुकी है।

2020 में दिया था प्रियंका को नोटिस

शहरी विकास मंत्रालय ने जुलाई 2020 में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को लोधी रोड स्थित आवास एक माह में खाली करने का नोटिस दिया गया था।

-एजेंसियां