यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: योगी सरकार ने 9 सीनियर IPS अधिकारियों के बदले कार्यक्षेत्र, एसके भगत आगरा जोन के नए एडीजीपी

Regional

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की शासन व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से योगी सरकार ने पुलिस महकमे में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गुरुवार को जारी सरकारी आदेश के मुताबिक, सूबे के 9 वरिष्ठ आईपीएस (IPS) अधिकारियों का तबादला कर उन्हें नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के तहत कई विंग के महानिदेशक (DG) और जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) स्तर के अफसरों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।

​आगरा और कानपुर जोन को मिले नए ADG

​इस नए ट्रांसफर ऑर्डर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण जोनों में नए कप्तानों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एसके भगत को अब आगरा जोन का नया एडीजी (ADG) नियुक्त किया गया है। वहीं, तेजतर्रार आईपीएस अफसर अनुपम कुलश्रेष्ठ को कानपुर जोन के एडीजी पद की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

​प्रशासनिक फेरबदल में डीजी स्तर के अधिकारियों के विभागों में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सीनियर आईपीएस अफसर जय नारायण सिंह को अब डीजी ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) के पद पर तैनात किया गया है। आईपीएस डीके ठाकुर को होमगार्ड विभाग का नया डीजी (महानिदेशक) बनाया गया है।।आईपीएस विनोद कुमार सिंह के कंधों पर सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी डाली है। उन्हें डीजी सीआईडी (CID) के साथ-साथ डीजी साइबर क्राइम और ‘यूपी 112’ (UP 112) का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

आईपीएस आलोक सिंह को डीजी पीएसी (PAC) के साथ-साथ डीजी यूपीएसएसएफ (UPSSF) का भी महत्वपूर्ण जिम्मा दिया गया है।

ट्रैफिक, क्राइम और पावर कॉरपोरेशन में भी बदलाव

​जोन और डीजी स्तर के अलावा अन्य महत्वपूर्ण विंग्स में भी फेरबदल की रूपरेखा तय की गई है। आईपीएस सतीश गणेश को अब दोहरे प्रभार की जिम्मेदारी दी गई है। वे एडीजी ट्रैफिक के पद के साथ-साथ एडीजी क्राइम का भी कार्यभार संभालेंगे। आईपीएस डॉक्टर आरके स्वर्णकार को एडीजी पावर कॉरपोरेशन के पद पर प्रतिनियुक्ति दी गई है। महिला आईपीएस अधिकारी गीता सिंह को लखनऊ स्थित आईजी (IG) ट्रेनिंग निदेशालय के पद पर ट्रांसफर किया गया है।

​सरकार के इस बड़े कदम को राज्य की सुरक्षा व्यवस्था, साइबर सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट को और अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रही है।