लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार को एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन स्तर से जारी आधिकारिक स्थानांतरण सूची के अनुसार, प्रदेश के 18 युवा आईएएस अधिकारियों (सहायक मजिस्ट्रेटों) काे ट्रांसफर करते हुए उन्हें विभिन्न जनपदों में संयुक्त मजिस्ट्रेट के महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती दी गई है।
शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, मुरादाबाद में अपनी सेवाएं दे रहे सहायक मजिस्ट्रेट आदित्य श्रीवास्तव को स्थानांतरित कर अब शाहजहांपुर का संयुक्त मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसी प्रकार फतेहपुर से नौशीन को बस्ती, उन्नाव से शौर्य अरोड़ा को बदायूं, बिजनौर से कुणाल रस्तोगी को गोरखपुर और गाजियाबाद से अयान जैन को आजमगढ़ जिले में संयुक्त मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासनिक क्रम को आगे बढ़ाते हुए आगरा से शिवम कुमार को महराजगंज, प्रयागराज से अनिमेष वर्मा को देवरिया, मिर्जापुर से अंशुल हिंदल को सुल्तानपुर, अलीगढ़ से शुभांशु कटियार को जौनपुर, सहारनपुर से विनोद कुमार मीना को औरैया और कन्नौज से अर्पित कुमार को प्रयागराज में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में नई कमान सौंपी गई है।
अन्य अधिकारियों की नई तैनाती सूची
तबादला एक्सप्रेस के इस क्रम में आगे बढ़ते हुए, रिदम आनंद को सुल्तानपुर से कानपुर देहात, रमेश चंद्रा वर्मा को लखनऊ से बलिया, जी अक्षय दीपक को झांसी से कुशीनगर, तेजस के को बाराबंकी से मैनपुरी, मनीषा धावे को लखीमपुर खीरी से झांसी, आयुष अग्रवाल को सिद्धार्थनगर से रायबरेली तथा अपराजिता आर्यन को मुजफ्फरनगर से बदलकर सीधे राजधानी लखनऊ में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात किया गया है।
सरकार के इस कदम से प्रशासनिक अमले में सुगबुगाहट तेज हो गई है और सभी नवनियुक्त अधिकारियों को जल्द से जल्द अपनी नई कार्यस्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

