अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम और नेपाल स्थित जनकपुर धाम को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ ट्रेन के शुभारंभ अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस गरिमामयी समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या और मिथिला की पावन संस्कृतियों का अति-प्राचीन और पौराणिक संबंध आज ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ की शुरुआत के साथ पुनः जीवंत हो उठा है।
कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या पहुंचकर भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश व प्रदेश की समृद्धि की कामना की।
पीएम मोदी और नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह का जताया आभार
अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से ट्रेन के हरी झंडी दिखाए जाने के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “इन दो महान तीर्थों को भारतीय रेल की इस सीधी सेवा के माध्यम से आपस में जोड़ने के लिए मैं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। साथ ही, इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन रहे नेपाल के माननीय प्रधानमंत्री श्री बालेन्द्र शाह जी का भी अयोध्यावासियों और समस्त प्रदेशवासियों की तरफ से आत्मीय स्वागत करता हूं।”
सीएम योगी ने आगे कहा कि अयोध्या और मिथिला—ये दो ऐसे धार्मिक व सांस्कृतिक केंद्र हैं, जिनका संबंध त्रेतायुग से चला आ रहा है। आज सरयू-कमला एक्सप्रेस के रूप में दोनों देशों के श्रद्धालुओं को एक-दूसरे के पवित्र स्थलों तक सुगम यात्रा का सौगात मिला है।
नई दिल्ली से वर्चुअली दिखाई गई हरी झंडी
उल्लेखनीय है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने नई दिल्ली से वर्चुअली एक साथ ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम को सीधे नेपाल के जनकपुर धाम (माता सीता की प्राकट्य स्थली) से जोड़ेगी। इस ट्रेन सेवा के शुरू होने से न केवल दोनों देशों के बीच पर्यटन और व्यापार को नई गति मिलेगी, बल्कि भारत और नेपाल के प्रगाढ़ सामाजिक व सांस्कृतिक रिश्तों को भी नया आयाम मिलेगा।


