एशियन गेम्स: भारतीय महिला हॉकी टीम ने हांगकांग को 13-0 से हराया

SPORTS

भारत से दीप ग्रेस इक्का, दीपिका और वंदना कटारिया ने हैट्रिक लगाई।

इनके अलावा संगीता कुमारी ने 2 गोल किए जबकि नवनीत कौर और मोनिका ने 1-1 गोल करते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई।

आइए मैच पर एक नजर डालते हैं।

पहले क्वार्टर में लगे 4 गोल

भारत ने आक्रामक शुरुआत की और परिणामस्वरूप मैच के दूसरे मिनट में भी वंदना कटारिया ने गोल करके भारत को बढ़त दिला दी। इसके बाद चौथे मिनट में दीपिका ने गोल बढ़त को दोगुना किया।

पहले क्वार्टर में भारत का पूरी तरह से दबदबा देखने को मिला और 7वें मिनट में मोनिका ने जोरदार गोल किया।
इसके बाद मैच के 11वें मिनट में दीप ने गोल करने में सफलता हासिल की।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने किए 2 गोल

भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में भी अपना आक्रामक रुख जारी रखा और लगातार प्रयास किए। इस बीच 16वें मिनट पर ही वंदना ने मैच में अपना दूसरा गोल करते हुए भारत की बढ़त को और मजबूत कर दिया।
भारतीय टीम के सामने हांगकांग की टीम का खेल फीका नजर आया।
मैच के 27वें मिनट में संगीता कुमारी ने गोल किया।
दूसरे क्वार्टर की समाप्ति तक भारत ने 6-0 की बढ़त बना ली थी।

तीसरे क्वार्टर में दीप ने किए 2 गोल

तीसरे क्वार्टर में भी हांगकांग की टीम संघर्ष करती हुई नजर आई और भारतीय खिलाड़ियों का वर्चस्व बरकरार रहा।
इस बीच मैच के 34वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए दीप ने गोल किया।
इसके बाद दीप ने 42वें मिनट में गोल करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की।
तीसरे क्वार्टर की समाप्ति के बाद भारत की बढ़त 8-0 हो गई।

चौथे क्वार्टर में भी रहा भारत का वर्चस्व

मैच के आखिरी क्वार्टर तक हांगकांग की टीम थकी हुई नजर आई और भारत की गति की बराबरी नहीं कर सकी।
दूसरी तरफ भारत ने इसका फायदा उठाया और लगातार गोल करते हुए बड़े अंतर से जीत दर्ज की।
आखिरी क्वार्टर में दीपका ने 2 और वंदना, संगीता और नवनीत कौर ने 1-1 गोल किए।
चौथे क्वार्टर में भारत की ओर से 5 गोल देखने को मिले।

Compiled: up18 News