मुंबई (अनिल बेदाग): रेड कार्पेट पर अपने ग्लैमरस अंदाज़ और बेबाक मुस्कान से दुनिया को दीवाना बनाने वाली अभिनेत्री उर्वशी रौतेला हाल ही में एक ऐसी स्थिति में नजर आईं, जिसने उनके प्रशंसकों को झकझोर कर रख दिया। कुवैत एयरपोर्ट से रवाना होते समय उर्वशी की आंखों में आंसू और चेहरे पर गहरी चिंता साफ देखी गई। यह भावुक क्षण उस समय कैमरे में कैद हुआ, जब मध्य-पूर्व में बढ़ते युद्ध के तनाव और अस्थिरता ने हजारों विदेशी नागरिकों को अचानक देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया।
सुरक्षा के साये में ‘इमरजेंसी एग्जिट’
सूत्रों के मुताबिक, उर्वशी एक प्रोफेशनल असाइनमेंट के सिलसिले में कुवैत में थीं। लेकिन जैसे ही क्षेत्र में हमलों की खबरें तेज हुईं और सुरक्षा हालात बिगड़ने लगे, एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विदेशी नागरिकों की भारी भीड़ और उड़ानों की अनिश्चितता के बीच उर्वशी भी सुरक्षित स्थान पर लौटने के लिए जद्दोजहद करती दिखीं।
ग्लैमर के पीछे की मानवीय संवेदना
आमतौर पर आत्मविश्वास से भरी नजर आने वाली उर्वशी एयरपोर्ट पर अपनी आंखों से आंसू पोंछती नजर आईं। यह नजारा उस मानवीय पहलू को दर्शाता है, जहाँ एक कलाकार भी युद्ध और संघर्ष से पैदा हुई अनिश्चितता से उतना ही प्रभावित होता है, जितना एक आम इंसान। उनके चेहरे पर छाई दहशत और दुख ने बता दिया कि अचानक पैदा हुए इन हालातों ने उन्हें भावनात्मक रूप से तोड़ दिया था।
सुरक्षित वापसी और एक बड़ा सवाल
हालांकि उर्वशी अब सुरक्षित बताई जा रही हैं, लेकिन उनकी यह ‘भावुक रवानगी’ वैश्विक तनाव की भयावहता को बयां करती है। यह घटना याद दिलाती है कि जब सरहदों पर जंग छिड़ती है, तो उसकी आंच केवल देशों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इंसानी जिंदगियों और उनकी भावनाओं को भी गहरे जख्म देती है।

