आगरा में अघोरी होली का अद्भुत नजारा: भाविप नवज्योति शाखा के होली महोत्सव में उमड़ा भक्ति और उल्लास

विविध

आगरा: ताजनगरी के फतेहाबाद रोड स्थित प्रिंस ग्रीन रिसोर्ट्स में भारत विकास परिषद (भाविप) नवज्योति शाखा द्वारा आयोजित ‘होली महोत्सव’ में ब्रज की संस्कृति और भक्ति के विविध रंग देखने को मिले। कार्यक्रम में जहाँ वृंदावन के कलाकारों ने फूलों की होली से वातावरण को महका दिया, वहीं अघोरी होली की प्रस्तुति ने सभी को हतप्रभ कर दिया।

ठाकुरजी के संग शुरू हुआ उत्सव

महोत्सव का शुभारंभ शाखा संस्थापक सतीश गोयल (गुड्डन भाई), संजीव अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल और अन्य संरक्षकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। शाखा अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत ‘ठाकुरजी संग होली’ से हुई, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक रंग में सराबोर कर दिया।

​अघोरी और अवध होली ने खींचा सबका ध्यान

शाखा सचिव अनिल अग्रवाल के अनुसार, इस वर्ष का मुख्य आकर्षण अघोरी होली और भगवान राम की अवध होली पर आधारित विशेष झांकियां रहीं। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण नृत्य और मयूर नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक फाग गीतों पर नृत्य कर अपनी लोक संस्कृति को जीवंत किया।

हास्य कविताओं से गूंजा हॉल

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच नीलू जैन और अमित अग्रवाल ने अपनी हास्य कविताओं और व्यंग्य से उपस्थित अतिथियों को खूब गुदगुदाया। कार्यक्रम में रंगों, संगीत और हास्य का ऐसा अनूठा संगम दिखा कि हर कोई होली के खुमार में डूबा नजर आया।

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल, रजनीश गुप्ता, सीमा गोयल, डॉ. कल्पना अग्रवाल और संजय गोयल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और शाखा सदस्य मौजूद रहे। अंत में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर सौहार्दपूर्ण होली की शुभकामनाएं दीं।