नई दिल्ली। दुनिया भर में जहां ड्रिंक्स इंडस्ट्री की रफ्तार लड़खड़ा रही है और कई बड़े देशों में शराब की खपत में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं भारत में इसका बिल्कुल उलट रुझान देखने को मिल रहा है। भारत में शराब की खपत में इन दिनों काफी तेजी आ रही है। प्रतिष्ठित ड्रिंक्स रिसर्च फर्म IWSR के हालिया आंकड़ों के मुताबिक, इस साल की पहली छमाही (जनवरी से जून के दौरान) में देश में शराब की बिक्री में 10 फीसदी की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो दुनिया के 21 बड़े बाजारों में सबसे ज्यादा है।
इसके विपरीत, दुनिया के दो सबसे बड़े शराब बाजार माने जाने वाले अमेरिका और चीन में इस दौरान खपत में गिरावट आई है। भारत इस समय दुनिया का इकलौता ऐसा प्रमुख देश बन गया है, जहाँ शराब की हर कैटगरी में बूम देखा जा रहा है।
हर कैटगरी में बढ़ी बिक्री, बीयर ने मारी बाजी
IWSR की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में इस साल के पहले छह महीनों के दौरान बीयर से लेकर वोदका, व्हिस्की, जिन और वाइन तक— हर तरह के पेय पदार्थों की डिमांड में जबर्दस्त उछाल आया है।
भारत में सबसे ज्यादा डिमांड बीयर की बढ़ी है। जनवरी से जून के बीच बीयर की खपत में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 16 फीसदी की भारी तेजी दर्ज की गई। खास बात यह है कि इस दौरान ‘नो-अल्कोहॉल बीयर’ की खपत में 25 फीसदी का जबरदस्त उछाल रहा।
इसके साथ ही रेडी टू ड्रिंक (Ready to Drink) अल्कोहॉलिक बेवरेज की ग्रोथ 12 फीसदी रही, जबकि पारंपरिक ‘इंडियन व्हिस्की’ की खपत में 4 फीसदी का उछाल आया। इसके अलावा, ब्लेंडेड स्कॉच की बिक्री में 8 फीसदी, वोदका और जिन की ग्रोथ में 6 फीसदी, तथा रम और ब्रांडी की बिक्री में 3 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। वाइन सेगमेंट की बात करें तो स्टिल वाइन की बिक्री 2 फीसदी और फोर्टिफाइड वाइन की खपत में 7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
अमेरिका और चीन में आई गिरावट
दुनिया के दूसरे बड़े देशों में स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। IWSR द्वारा जिन 21 प्रमुख देशों के आंकड़ों को कवर किया गया है, वे वैश्विक बेवरेज अल्कोहल मार्केट का 76 फीसदी हिस्सा रखते हैं। इन सभी बाजारों को मिलाकर देखें तो कुल शराब की बिक्री में 1 फीसदी की गिरावट आई है।
अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा शराब बाजार है, जहाँ इस साल बिक्री में 4 फीसदी की कमी आई है। इसी प्रकार, चीन में भी शराब की खपत 3 फीसदी घटी है। अमेरिका में बीयर की खपत 4 फीसदी और चीन में 2 फीसदी कम हुई है।
टक्कर में दूर-दूर तक कोई नहीं
यदि अमेरिका और चीन के आंकड़ों को बाहर कर दिया जाए, तो बाकी वैश्विक बाजारों में शराब की कुल खपत साल के पहले छह महीनों में मात्र 1 फीसदी ही बढ़ी है, जबकि अकेले भारत ने इस लिस्ट में सबसे ऊपर अपनी जगह बनाई है।
भारत के बाद कोलंबिया में शराब की खपत में 9 फीसदी, साउथ अफ्रीका में 5 फीसदी, ब्राजील में 3 फीसदी और यूनाइटेड किंगडम (UK) में 2 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है। इसके अलावा, मैक्सिको और थाईलैंड में भी शराब की खपत में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिली है, लेकिन भारत की ग्रोथ रेट के सामने ये सभी देश काफी पीछे हैं।

