लखनऊ/आगरा: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा अंडों पर ‘एक्सपायरी डेट’ लिखने के हालिया आदेश को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस फैसले को लेकर सरकार पर जोरदार तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए सरकार की मंशा और भविष्य पर सवाल उठाते हुए इसे ‘अजीबोगरीब’ फैसला करार दिया है।
सरकार के भविष्य पर कसा तंज
अखिलेश यादव ने सरकार के इस आदेश को उसकी अपनी स्थिति से जोड़ते हुए लिखा, “एक्सपायर होने वाली सरकार का एक्सपायरी-डेट आदेश!” उनके इस बयान को आगामी चुनावों और सरकार की कार्यप्रणाली पर सीधे हमले के रूप में देखा जा रहा है।
’मुख्य वनस्पति’ को लेकर उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने सरकार को घेरते हुए एक और चुटकी ली। उन्होंने पूछा कि क्या यह नियम केवल अंडों तक सीमित रहेगा? उन्होंने तंज कसते हुए कहा “मुख्य वनस्पति पर भी एक्सपायरी लिखी जाएगी या उसे विशेष छूट प्राप्त होगी?” राजनीतिक गलियारों में उनके इस बयान को सत्ताधारी दल के कुछ खास एजेंडों पर कटाक्ष माना जा रहा है।
भविष्य में दिखेगा ‘अंडा’
अखिलेश यादव यहीं नहीं रुके, उन्होंने भाजपा के राजनीतिक भविष्य पर निशाना साधते हुए कहा कि “भाजपा सरकार को अपने भविष्य के रूप में ‘अंडा’ दिखाई दे रहा है।” उनका इशारा चुनाव परिणामों में मिलने वाली संभावित विफलता की ओर था।
क्या है सरकार का आदेश?
गौरतलब है कि योगी सरकार ने उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अंडों की ट्रे या अंडों पर उनकी उत्पादन और एक्सपायरी तिथि अंकित करने का निर्देश दिया है। सरकार का तर्क है कि इससे बाजार में पुराने और खराब अंडों की बिक्री पर रोक लगेगी, लेकिन विपक्ष इसे फिजूल का मुद्दा बताकर सरकार को घेर रहा है।

