‘अखिलेश यादव न तो सत्ता के लायक हैं और न ही विपक्ष के’, सपा बन गयी समाप्त वादी पार्टी: केशव प्रसाद मौर्य

Politics

आगरा: ‘अखिलेश यादव न तो सत्ता के लायक हैं और न ही विपक्ष के’ यह कहना है यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को होटल क्लार्क शिराज में फेडरेशन ऑफ कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चल रहे दो दिवसीय ऑल इंडिया कोल्ड चेन सेमिनार में पहुंचे थे। पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जुबानी हमला बोला।

पत्रकारों से रूबरू होते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य काफी उत्साहित नजर आए और उनकी चेहरे की हंसी उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव को जीत को लेकर थी। उनका कहना था कि भाजपा ने एक बार फिर लोगों में विश्वास कायम रखा है। इसी का नतीजा है कि उत्तर प्रदेश में एमएलसी के चुनाव में भाजपा को जीत मिली है। इतना ही नहीं उन्होंने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले विधानसभा की हार और अब एमएलसी चुनाव में सपा का मुँह के बल गिरना साफ तौर से दर्शाता है कि समाजवादी पार्टी अब समाप्त वादी पार्टी बन गई है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा के शासनकाल में इनकम टैक्स की वसूली नहीं होती थी। उसकी जगह गुंडा टैक्स वसूला जाता था। इसलिए तो अपराध चरम पर था। व्यापारी सुरक्षित नहीं था और अपहरण के मामले लगातार बढ़ रहे थे लेकिन भाजपा की सरकार आने के बाद गुंडा टैक्स पूरी तरह से समाप्त हो गया। अब उसकी जगह व्यापारियों से इनकम टैक्स वसूला जाता है और उसके बदले उनकी सुरक्षा और हितों का ध्यान रखने का पूरा आश्वासन भाजपा देती है। यही वजह है कि आज भाजपा में आम व्यक्ति की आस्था और विश्वास दोनों जाग रहे हैं।