मेरठ/लखनऊ: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली अपने एक ताजा और बेहद विवादित बयान के कारण सुर्खियों में हैं। मेरठ में आयोजित एक ‘ईद मिलन’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शौकत अली ने प्रदेश की योगी सरकार पर सीधा हमला बोला और एनकाउंटर नीति को लेकर एक ऐसी घोषणा कर दी, जिसने राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है।
”एनकाउंटर करने वाले का भी होगा एनकाउंटर”
शौकत अली ने मंच से समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, “मेरे दोस्तों! आप मुझे यूपी से सिर्फ 11 विधायक जिताकर दे दो। मैं आपसे वादा करके जा रहा हूँ कि उत्तर प्रदेश में अगर किसी मुसलमान का एनकाउंटर होगा, तो एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा। इंशा अल्लाह… यह मेरा वादा है।” उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कांग्रेस का पलटवार: “भाजपा के बिछड़े जुड़वां भाई”
शौकत अली के इस बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और AIMIM को भाजपा की ‘बी-टीम’ करार दिया है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने उन्होंने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि ओवैसी की पार्टी केवल भाजपा को फायदा पहुँचाने के लिए चुनाव लड़ती है और वोट काटती है। उन्होंने शौकत अली और भाजपा को ‘बिछड़े हुए जुड़वां भाई’ बताया।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सवाल उठाया कि 11 विधायकों से क्या हासिल होगा? उन्होंने कहा, “आप ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे हैं जिससे पूरे समुदाय का नुकसान होगा। ऐसी राजनीति चाहे हिंदुओं की हो या मुसलमानों की, मैं दोनों के सख्त खिलाफ हूँ।”
विवादों से पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब हाजी शौकत अली ने इस तरह का बयान दिया हो। इससे पहले वह ‘हम दो, हमारे दो’ की जगह ‘हमारे दो दर्जन’ बच्चे पैदा करने की अपील करके विवादों में घिर चुके हैं। उनका तर्क रहा है कि देश की असली मजबूती उसकी बड़ी आबादी में होती है।
कानूनी पचड़े की संभावना
जानकारों का मानना है कि ‘एनकाउंटर का एनकाउंटर’ करने जैसे बयान को उकसावे वाली श्रेणी में रखा जा सकता है। पुलिस इस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और संभव है कि आने वाले दिनों में शौकत अली की मुश्किलें बढ़ जाएं।

