आगरा: उत्तर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत सरकारी मेडिकल कॉलेजों को सशक्त बनाने की कड़ी में रविवार को आगरा के सरोजिनी नायडू (S.N.) मेडिकल कॉलेज में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा चयनित 202 नए नर्सिंग अधिकारियों (महिला/पुरुष) को मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और शहर के गणमान्य विधायकों द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
लखनऊ में सीएम योगी ने किया शुभारंभ, आगरा में गूंजा उत्साह
कार्यक्रम की शुरुआत रविवार सुबह 10 बजे लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर कमलों द्वारा प्रदेश स्तर पर नियुक्ति पत्र वितरण से हुई। इसी क्रम में आगरा के एस.एन. मेडिकल कॉलेज के लेक्चर थिएटर-4 में स्थानीय समारोह आयोजित किया गया।
दिग्गज जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री (उच्च शिक्षा) योगेंद्र उपाध्याय ने नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि इन नियुक्तियों से चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में अभूतपूर्व सुधार होगा। उनके साथ विधायक (आगरा उत्तर) पुरुषोत्तम खंडेलवाल और विधायक (आगरा कैंट) डॉ. जी.एस. धर्मेश ने भी मेधावियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उन्हें सेवा भाव के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
वरिष्ठ चिकित्सकों की रही उपस्थिति
समारोह की अध्यक्षता प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने की। इस दौरान उप प्रधानाचार्य डॉ. टी.पी. सिंह, प्रमुख अधीक्षक डॉ. ब्रजेश शर्मा, और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जी.वी. सिंह सहित कॉलेज के वरिष्ठ विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन फिजियोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. दिव्या श्रीवास्तव और ब्लड बैंक विभागाध्यक्ष डॉ. नीतू चौहान ने किया। डॉ. राजेश गुप्ता, डॉ. शैफाली मजूमदार, डॉ. अखिल प्रताप सिंह, डॉ. प्रीति भारद्वाज और डॉ. गीतू सिंह सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

