आगरा: पुलिस मुड़भेड़ में इनामी चांदी लुटेरा गिरफ्तार, तीन मामलों में था वांछित

Crime

आगरा: तीन वर्ष पहले हुई चांदी लूट के मामले में वांछित बदमाश की बुधवार तड़के थाना सिकंदरा क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल बदमाश को एसएन में भर्ती कराया गया है। उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई हाे चुकी थी। इसके बावजूद वह पुलिस के हाथ नहीं आया था। वह तीन अभियोगों में वांछित था।

पुलिस उपायुक्त नगर जोन विकास कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश का नाम जयपाल उर्फ जेपी है। वह बेरी चाहर कागारौल का रहने वाला है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सिकंदरा थाना क्षेत्र में वर्ष 2019 में चांदी लूट हुई थी। पुलिस ने अन्य लूट करने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उनसे पूछताछ में जयपाल उर्फ जेपी के भी लूट में शामिल होने का पता चला था। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जयपाल पर पुलिस ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके विरूद्ध चांदी लूट समेत तीन अभियोग दर्ज थे। जिनमें वह वांछित चल रहा था। पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस आरोपित के घर की कुर्की की कार्रवाई कर चुकी थी।

बुधवार की तड़के पुलिस को मुखबिर से बदमाश के सुनारी चौराहे के पास होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने सुनारी चौराहे पर घेराबंदी कर ली। उसे पकड़ने का प्रयास किया ताे पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए एसएन में भर्ती कराया गया है। उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।