Agra News: जश्न के रूप में मनेगा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, 8 मार्च तक आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम

Press Release

आगरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) इस साल एक जश्न के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत आठ मार्च तक जिलों में विविध कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इसी क्रम में गुरुवार को आशा ज्योति केंद्र सभागार में हम में हैं दम (हम होंगे कामयाब) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें समस्त विभागीय महिलाओं और जनपद स्तरीय महिलाओं के साथ मिलकर डिजिटऑल पर गोष्ठी का आयोजन किया गया।

जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा इस साल की थीम- “डिजिटऑल –लैंगिक समानता हेतु नवाचार और प्रौद्योगिकी” को ध्यान में रखते हुए तय की गयी है। इसका उद्देश्य सभी महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण व लैंगिक समानता के लिए डिजिटल युग में नवाचार, तकनीकी परिवर्तन और शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जागरूकता लाना है। इससे उनमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता भी आएगी।

उन्होंने बताया कि डिजिटल प्रौद्योगिकी प्रगति-2030 के लिए लक्षित सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के अपार अवसर भी प्रदान करती है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक से आठ मार्च तक की गतिविधियाँ तय की गयीं।

जिला महिला कल्याण अधिकारी वर्तिका दीक्षित ने बताया कि शुक्रवार (3 मार्च) को “आसमां है आगे” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विद्यालयों, कालेजों, विश्वविद्यालयों, आंगनबाड़ी, महिला शरणालय, बालिका गृहों और संरक्षण गृहों आदि के स्तर पर किशोरियों तथा महिलाओं के साथ डिजिटल शिक्षा और स्वावलंबन की चुनौतियों पर चर्चा आयोजित की जायेगी। 4 मार्च को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में समुदाय की प्रेरक महिलाओं (गैर राजनीतिक) के लिए “गपशप लंच” का आयोजन किया जायेगा। आयोजन में स्थानीय कलाओं और कलाकारों को शामिल कर भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा।

5 मार्च को कार्यस्थल पर लैंगिक समानता विषय पर जनपदस्तरीय सेमिनार, गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। आयोजनों में प्रशासनिक अधिकारियों और विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जायेगा। 6 मार्च को मेगा इवेंट “अनंता” का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत समाज में बदलाव लाने के लिए प्रयासरत महिलाओं जैसे-नवाचारों, तकनीक या डिजिटल शिक्षा का इस्तेमाल कर समाज या अपने जीवन में बदलाव लाने वाली महिलाओं की प्रेरक कहानियों को जनपद स्तर पर टीवी, रेडियो, एफएम, कम्युनिटी रेडियो, टॉक शो आदि के माध्यम से जन-जन तक प्रसारित किया जाएगा। इसमें एंटरप्रेन्योरर, उद्यमी, चेंज एजेंट्स, समाजसेवी या समाज की रुढियों व पूर्वाग्रहों से संघर्ष कर आगे सफल जीवनयापन करने वाली महिलाओं की प्रेरक कहानियों को भी शामिल किया जा सकता है।

जनपद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन कर ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की इन महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। सात या आठ मार्च को सुविधा के अनुसार शुभ होली कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जन प्रतिनिधियों , जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इन सभी कार्यक्रमों के आयोजनों के फोटोग्राफ और अन्य सामग्री महिला कल्याण विभाग और अन्य अधिकारियों के ट्विटर हैंडल से प्रसारित की जायेगी।