Agra News: सगाई की खुशियां मातम में बदलीं, न्यू दक्षिणी बाईपास पर बेकाबू वाहन ने पिता-पुत्री को रौंदा

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी के न्यू दक्षिणी बाईपास पर रविवार दोपहर एक ऐसा हृदयविदारक हादसा हुआ, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया। एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पिता और उनकी तीन वर्षीय मासूम बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब पिता अपनी लाडली को साथ लेकर एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने अपनी ससुराल जा रहे थे। इस घटना के बाद से फतेहपुर सीकरी और मलपुरा क्षेत्र में शोक की लहर है।

गमछे से बंधी थी मासूम, पिता के साथ देख रही थी सगाई के सपने

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहपुर सीकरी के गांव सोनोटी निवासी 28 वर्षीय सतपाल बघेल अपनी तीन वर्षीय बेटी कनक के साथ बाइक पर सवार होकर मलपुरा के गांव कबूलपुर (ससुराल) जा रहे थे। सुरक्षा के लिहाज से सतपाल ने अपनी छोटी सी बेटी को अपने सामने बैठाकर गमछे से खुद से बांध रखा था, ताकि वह गिरे नहीं। दोपहर करीब 12 बजे जब वे मुड़हेरा गांव के पास न्यू दक्षिणी बाईपास पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

​तड़पते रहे पिता-पुत्री, मौके पर ही थमी सांसें

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक समेत दोनों सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद दोनों काफी देर तक सड़क पर लहूलुहान हालत में तड़पते रहे, लेकिन जब तक मदद पहुंच पाती, दोनों के प्राण पखेरू उड़ चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

​खुशियों वाले घर में पसरा सन्नाटा

सतपाल अपनी ससुराल में सुखबीर नामक रिश्तेदार के लगुन-सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। उनकी पत्नी मीना अपने नौ माह के बेटे के साथ पहले ही मायके पहुंच चुकी थीं और पति व बेटी का इंतजार कर रही थीं। जैसे ही यह खबर परिवार तक पहुंची, सगाई की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। मीना का रो-रोकर बुरा हाल है।

​पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों का आक्रोश

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी वाहन चालक को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों में बाईपास पर बेलगाम दौड़ते भारी वाहनों को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर बढ़ते हादसों को रोकने के लिए गति सीमा पर नियंत्रण और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं।