Agra News: रंगों और भजनों से सराबोर हुई ताजनगरी, फूलों वाली होली और 18वें रंगरसिया महोत्सव ने बांधा समां

विविध

आगरा: ताजनगरी में मंगलवार को फाग पूर्णिमा, चैतन्य महाप्रभु प्राकट्योत्सव और होली मिलन समारोह का अद्भुत संगम देखने को मिला। चंद्र ग्रहण की खगोलीय घटना के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। ग्रहण समाप्ति के बाद शहर के मंदिरों में शुद्धिकरण और विशेष अनुष्ठानों का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा।

इस्कॉन मंदिर में पंचगव्य से अभिषेक

कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में चैतन्य महाप्रभु का प्राकट्योत्सव ‘गौर पूर्णिमा’ के रूप में श्रद्धा के साथ मनाया गया। ग्रहण के कारण दिन भर पट बंद रहने के बाद शाम को मंदिर की धुलाई की गई। इसके उपरांत वैदिक मंत्रों के बीच महाप्रभु का पंचामृत और पंचगव्य से अभिषेक हुआ। अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि बुधवार शाम को भव्य पुष्प अभिषेक और संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।

खाटू श्याम मंदिर में गुलाल की वर्षा

कटरा जोगीदास स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम मंदिर में आठ दिवसीय फाल्गुन महोत्सव का समापन हुआ। श्याम बाबा के संग होली खेलने के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। फूलों के बंगले में विराजमान खाटू नरेश पर गुलाल की वर्षा की गई। महिलाओं ने भजनों पर नृत्य कर अपनी श्रद्धा प्रकट की।

​पर्यावरण और मानवता का संदेश

शहीद स्मारक पर ‘ट्री मैन’ त्रिमोहन मिश्रा और युवाओं ने पौधे लगाकर ‘संस्कार और संवेदनशीलता’ वाली होली मनाने का आह्वान किया। लोगों से अपील की गई कि वे बेजुबान जानवरों को रंगों से न रंगे और पानी की बचत करें। वहीं डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसायटी ने होलिका दहन के अवसर पर पौधों और फलों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

​फूलों की होली और हास्य व्यंग्य

खत्री सभा: साकेत कॉलोनी में राधा-कृष्ण के स्वरूपों के साथ फूलों की होली खेलकर पारंपरिक अंदाज में उत्सव मनाया गया।

​जंगल वाले बाबा मंदिर: माल रोड स्थित हनुमान मंदिर में ग्रहण के बाद भक्तों की भारी भीड़ जुटी। बलवीर सिंह बल्लो और रजत शमशाबादी के भजनों पर भक्त झूम उठे।

साहित्य संगीत संगम: कार्यालय पर आयोजित हंसी-ठिठोली कार्यक्रम में कवियों ने हास्य-व्यंग्य रचनाओं के माध्यम से होली की पूर्व संध्या को यादगार बनाया।

​रंगरसिया महोत्सव: हरियाली वाटिका में आयोजित 18वें महोत्सव में लोक नृत्य, मयूर नृत्य और काव्य पाठ का भव्य आयोजन हुआ।

अध्यात्म और शांति हवन

वजीरपुरा के सीताराम मंदिर में महंत अनंत उपाध्याय के सानिध्य में मां पीतांबरा के भक्तों ने नवग्रह शांति हवन किया। विश्व कल्याण की कामना के साथ 21 मालाओं का जप कर पूर्णाहुति दी गई। शाहगंज जोगीपाड़ा बाजार कमेटी ने भी व्यापारियों के साथ मिलकर आपसी सौहार्द का परिचय देते हुए होली मिलन मनाया।